हिण्डौनसिटी. विधानसभा चुनाव नजदीक आने के साथ राजनीतिक दल अपने विधायकों व पूर्व विधायकों को जनता से नजदीकी बनाने की नसीहत दे रहे हैं। लेकिन माननीयों को आम जनता के साथ रोडवेज बस में यात्रा करना रास नहीं आता है। करौली जिले की हिण्डौन व करौली डिपो में 5 माह में विधायक निशुल्क यात्रा में 22 कूपनों का उपयोग किया गया है।
आमजनता के वोट से खास बने सांसद और विधायकों को राज्य सरकार की ओर से रोडवेज बसों में नि:शुल्क यात्रा की सुविधा दी हुई है। इसके तहत रोडवेज निगम की सभी श्रेणियों की बसों में सांंसद और विधायकों के लिए अग्रिम पंक्ति में दो सीटें आरक्षित होती हैं। लेकिन विधायक आमतौर पर लग्जरी गाडियों में सवारी करते हंै। ऐसे में रोडवेज की सवारी उन्हें नहीं रास नहीं आती है। रोडवेज सूत्रों के अनुसार पूर्व व वर्तमान सांसद व विधायकों को रोडवेज बसों में प्रदेश व राष्ट्रीय राजधानी में नि:शुल्क यात्रा की कूपन आधारित सुविधा दी हुई है। इसमें विधायक व सांसद के साथ एक सहयोगी को भी बस में नि:शुल्क सफर की सुविधा है।
विधायकों की बस यात्रा के किराए का पुनर्भरण विधानसभा सचिवालय से रोडवेज मुख्यालय को किया जाता है। यात्रा के दौरान विधानसभा व संसद से जारी कूपन भरकर देने पर परिचालक द्वारा विधायक व सांसद व सहयोगी का टिकट भी जारी किया जाता है। रोडवेज सूत्रों के अनुसार बीते पांच माह में हिण्डौन डिपो की बसों में 21 व करौली डिपो की बस में नि:शुल्क यात्रा के लिए एक कूपन का उपयोग किया गया है।
विधायक साथ होने पर ही सहयोगी को मुफ्त सफर-
राज्य सरकार के नियम के अनुसार सफर के दौरान विधायक साथ होने पर ही सहयोगी को नि:शुल्क यात्रा की सुविधा है। लेकिन विधायक व अधिकांश पूर्व विधायकों के निजी वाहन का प्रयोग करने से रोडवेज में मुफ्त के सफर में नियमों की अनदेखी से इनकार नहीं किया जा सकता।
6 विधायक व पूर्व विधायक के 14 कूपनों से किया सफर
जिले की करौली व हिण्डौन डिपो की बसों में 22 नि:शुल्क यात्रा में सर्वाधिक 14 बार सफर पूर्व विधायकों के कूपनों पर हुए हैं। इनमें हिण्डौन डिपो में 13 व करौली डिपो की बस में एक यात्रा शामिल हैं। जबकि जिले में हिण्डौन डिपो की बसों में 6 बार विधायक कूपनों पर निशुल्क यात्रा की गई।
सफर का किराया 3915 रुपए
जिले मेें रोडवेज बसों में विधायक व पूर्व विधायकों के कूपनों से महज 3915 रुपए किराए का सफर किया गया। इनमें सर्वाधिक पूर्व विधायक कूपनों की 2875 रुपए राशि है। जबकि विधायक कूपन की 6 यात्राओं का मात्र 1070 रुपए किराया है। जिसका विधानसभा सचिवालय से पुनर्भरण किया होगा।
सांसद ने नहीं किया बस में सफर-
क्षेत्रीय सांसद समय समय पर क्षेत्र में दौरे पर आते हैं, लेकिन उन्होंने जिले में रोडवेज बस में सफर नहीं किया है। रोडवेज डिपो सूत्रों के अनुसार पांच मेंं माह में करोली व हिण्डौन डिपों में एक भी सांसद नि:शुल्क यात्रा कूपन जमा नहीं हुआ है।
इनका कहना है-
पहले रोडवेज बसों में खूब यात्रा की थी। अब व्यस्तता और स्वास्थ्य कारणों से निजी वाहन से सफर करना पड़ता है।
भरोसीलाल जाटव, विधायक,हिण्डौनसिटी.
माननीय सांसद और विधायक के लिए निगम की बसों में दो सीटेंं आरक्षित हैं। उन्हें व एक सहयोग को नियमानुसार नि:शुल्क यात्रा की सुविधा देय है।
विश्राम मीणा, मुख्य प्रबंधक
रोडवेज डिपो हिण्डौनसिटी.
फैक्ट फाइल
माह विधायक यात्रा पूर्व विधायक यात्रा
जनवरी 1 2
फरवरी 1 2
मार्च 1 0
अपे्रल 1 5
मई 2 5