कटनी. कुठला थाना क्षेत्र के इंद्रानगर में बने आइएचएसडीपी योजना के सूने मकान में युवक का पत्थर से सिर कुचलकर की गई हत्या का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। युवक की हत्या उसके ही साथी ने शराब के नशे में 500 रुपये की उधारी के विवाद पर की थी।
कुठला थाना प्रभारी विपिन सिंह ने बताया कि बुधवार की सुबह इंद्रानगर में नगर निगम द्वारा बनाए गए आइएचएसडीपी योजना के एक खाली पड़े मकान में युवक का सिर कुचला शव पड़े होने की सूचना मिली थी। जिसपर मौके पर पहुंची पुलिस ने शव की शिनाख्त कराई तो उसकी पहचान मुक्तिधाम रोड नदीपार निवासी बबली कोल 35 वर्ष के रूप में की गई। सीएसपी एमपी प्रजापति ने एफएसएल अधिकारी डॉ. अवनीश सिसोंदिया और खोजी श्वान के साथ निरीक्षण किया और कुठला थाना प्रभारी व माधवनगर थाना प्रभारी संजय दुबे के साथ अलग-अलग दो टीम बनाकर लगाई गईं। टीम ने आसपास के लोगों से पूछताछ की तो पता लगा कि मृतक को घटना की रात को इंद्रानगर निवासी कैलाश चौधरी के साथ देखा गया था। पुलिस ने कैलाश को हिरासत में लिया और उससे पूछताछ की। जिसमें उसने अपना जुर्म कबूल लिया। आरोपी ने पूछताछ में बताया कि मृतक बबली के साथ लगभग पांच साल पूर्व वह सतारा महाराष्ट्र में काम करता था। उसी दौरान कैलाश ने बबली से 500 रुपये उधार लिए थे। जिसे मांगने पर बबली अभद्रता करता था। घटना दिनांक को कैलाश मृतक को शराब पिलाने इंद्रानगर के खाली पड़े भवन मेंं ले गया था। जहां शराब पीने के बाद बबली ने फिर कैलाश से पैसे को लेकर गाली गलौच की। गुस्से में आरोपी ने पास पड़ा पत्थर उठाकर उसके सिर में तीन पर पटका और मौके से भाग निकला।
खबर का असर- सार्वजनिक आयोजनों में प्लास्टिक के उपयोग पर रहेगी प्रदूषण विभाग की नजर..
ट्रक चालक पर किया था हमला
आरोपी कैलाश के खिलाफ पूर्व में भी हत्या के प्रयास का मामला कुठला थाना में ही दर्ज है। जिसमें उसने एक ट्रक चालक पर भी पत्थर पटका था। इसके अलावा मारपीट आदि के भी मामले दर्ज हैं। टीम में थाना प्रभारी कुठला,थाना प्रभारी माधवनगर सहित एसआइ रमेश कौरव, नासिर हुसैन, एएसआइ रजनीश भदौरिया, शत्रुघ्न तिवारी, विनोद पटेल, आरक्षक अविनाश मिश्रा, रामचरण वर्मा, शमसेर सिंह, राकेश त्रिपाठी,शिवप्रकाश तिवारी,मोहन मंडलोई, जयसिंह,दीपक सिंह, पुष्पराज सिंह,महेन्द्र यादव शामिल थे।