
एक ही कार्ड, देश में किसी भी उचित मूल्य की दुकान से खरीद सकेंगे राशन
कवर्धा. जी हां, जल्द ही एक ही राशन कार्ड पर देश के किसी भी कोने के शासकीय उचित मूल्य की राशन दुकान से राशन खरीद सकेंगे। इसके लिए बस राशन दुकान में बायोमेट्रिक मशीन में अंगूठा लगाना होगा।
देशभर में एक देश-एक राशन कार्ड योजना तैयार हो चुकी है। राज्य में भी संभवत: अप्रैल से यह प्रारंभ हो जाएगा। इसके तहत एक ही राशन से देश के किसी भी राज्य के शहर या गांव में रहकर शासकीय उचित मूल्य की दुकान से राशन रियायती दर पर खरीदा जा सकेगा। इसके लिए जिला खाद्य विभाग द्वारा 2 लाख 83 हजार 41 हितग्राहियों का आधार सत्यापित किया जा चुका है। इसे आनलाइन लिंक से जोड़ा जाएगा। इसके बाद राशन कार्ड में शामिल सदस्य देश के किसी भी उचित मूल्य की दुकान में बायोमेट्रिक मशीन पर थम्ब इंप्रेशन (अंगूठा लगाना) से राशन की खरीदी कर सकता है। इसके लिए उन्हें कोई आधार कार्ड या अन्य किसी तरह के दस्तावेज दिखाने या जमा करने की आवश्यकता ही नहीं होगी।
2.37 लाख राशन कार्ड सभी की योजना
वन नेशन वन राशन कार्ड योजना सभी राशनकार्डधारियों के लिए मान्य है। पूर्व में जो आधार कार्ड जमा किए थे उसके ही आधार पर लिंक किया जाएगा। कबीरधाम जिले में कुल 2 लाख 37 हजार 13 राशन कार्डधारी है। इसमें 2 लाख 93 हजार 41 अर्थात 99.88 प्रतिशत राशन कार्ड का सत्यापन हो चुका है। अब केवल 1273 राशन कार्ड का आधार सिडिंग ही बाकी है। 2 लाख 37 हजार 13 राशनकार्ड अंतर्गत कुल 8 लाख 32 हजार 49 लोग शामिल हैं।
नगरीय क्षेत्रों में कोर पीडीएस जारी
कोर पीडीएस पूर्व से ही जिले में लागू हो चुका है। इसके तहत जिले के नगरीय निकाय क्षेत्रों में अब तक राशन की खरीदी हो रही थी। लेकिन कोरोना काल में इस बंद किया गया, लेकिन अब इसे फिर से प्रारंभ कर दिया गया है। कोर पीडीएस के लिए नगरीय निकाय के 22 दुकान चयनित है, जिसमें हितग्राही किसी भी राशन दुकान से राशन खरीद रहे हैं।
पिछले वर्ष 24 हजार पलायन किए थे
यह योजना मुख्य रूप से पलायन करने वाले कामगार परिवार के लिए बेहतर है। पिछले वर्ष कोरोना काल में अन्य राज्य पलायन किए 24 हजार से अधिक ग्रामीण वापस आए। ऐसे में यदि यह ग्रामीण फिर से पलायन करते हैं तो उन्हें अन्य राज्य के उचित मूल्य की दुकान से निर्धारित शासकीय दर पर चावल, शक्कर सहित अन्य राशन मिलेगा। यह भी लाभ है जिस क्षेत्र में राशन देने का प्रावधान है वही मिलेगा।
.....
वन नेशन वन राशन कार्ड योजना के तहत आधार सिडिंग को लिंक किया जाएगा। 99 प्रतिशत से अधिक कार्य पूर्ण हो चुका है। हितग्राहियों की जानकारी ऑनलाइन रहेगी। बायोमेट्रिक डिवाइस में अंगूठा लगाते ही हितग्राही की जानकारी सामने होगी, जिसके आधार पर ही उन्हें राशन दिया जाएगा।
अरूण मेश्राम, जिला खाद्य अधिकारी, कबीरधाम
Published on:
03 Feb 2021 11:36 am

बड़ी खबरें
View Allकवर्धा
छत्तीसगढ़
ट्रेंडिंग
