
Nandkumar Singh Chauhan
खंडवा. भारतीय जनता पार्टी के प्रदेशाध्यक्ष पद के भार से मुक्त होने के बाद सांसद नंदकुमार सिंह चौहान ने संसदीय क्षेत्र में खुद की गतिविधि बढ़ा दी है।
मांधाता विधानसभा से चुनाव लडऩे के कयासों के बीच उन्होंने ये कहा कि पार्टी कहेगी तो मैं किसी भी विधानसभा से लड़ सकता हूं। इसमें बुरहानपुर विधानसभा भी शामिल है। इस बयान से नए समीकरण बनते नजर आ रहे हैं, क्योंकि बुरहानपुर से अर्चना चिटनिस विधायक हैं। पत्रिका से बातचीत में उन्होंने ये स्पष्ट रूप से कहा कि अगर पार्टी कहेगी कि कहीं से नहीं लडऩा है तो मुझे वो भी मान्य होगा। मैं कहीं से नहीं लडूंगा। मेरा निर्णय, मेरी पार्टी करेगी। बेटे हर्षवर्धन को लांच करने के बारे में उन्होंने कहा कि मेरा परिवार राजनैतिक है, वो भी चुनाव लड़ सकता है। हमारी नजर मिशन-2018 पर है। भाजपा की सरकार फिर से बनाना है।
इन सवालों के सांसद चौहान ने दिए ये जवाब
? प्रदेशाध्यक्ष पद से मुक्त होने के बाद अब क्या कार्ययोजना?
- अब मेरे पास क्षेत्र के लिए बहुत समय है। आठों विधानसभा में जाऊंगा। प्रदेशाध्यक्ष रहते हुए पूरा समय प्रदेश को दिया। क्षेत्र कहीं पीछे छूट गया।
? मांधाता से विधानसभा चुनाव लड़ेंगे क्या?
- अभी विधानसभाओं के लिए कोई चर्चा नहीं है पर पार्टी कहेगी तो मांधाता, बुरहानपुर या किसी भी सीट से लड़ लूंगा। पार्टी मना करेगी तो कहीं से नहीं लडूंगा।
? दस दिन में दोनों पार्टियों ने प्रदेशाध्यक्ष बदल दिए। निमाड़ का वजूद कम हुआ?
- देखिए, मेरे हटने से मेरी पार्टी का कोई नुकसान नहीं है, किसी भी मोर्चे पर कमजोर नहीं पड़ा। कांग्रेस के बारे में तो वो ही बता पाएंगे।
खंडवा विस क्षेत्र में सांसद
सांसद चौहान 28 अप्रैल को खंडवा विधानसभा क्षेत्र में हैं। दोपहर 12 बजे विधायक देवेंद्र वर्मा के साथ सिहाड़ा-खंडवा व्हाया पड़ेला हनुमानमंदिर मार्ग का भूमिपूजन किया। इसके बाद खंडवा के गौरीकुंज सभागार में ग्राम स्वराज दिवस के अंतर्गत प्रधानमंत्री आवास योजना के पात्र हितग्राहियों को स्वीकृति पत्र व जिले में उत्कृष्ट कार्य करने वाले अधिकारियों-कर्मचारियों के सम्मान कार्यक्रम में शामिल हुए।
नर्मदा जल पर फिर रटा-रटाया जवाब...
सांसद चौहान से महापौर सुभाष कोठारी मिले। नर्मदा जल योजना से जुड़े सवाल पर उन्होंने रटा-रटाया जवाब दिया कि जो जनता के हित में होगा, वो फैसला करेंगे।
Published on:
28 Apr 2018, 1:52 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.