25 अक्टूबर 2026,

रविवार

Patrika Logo
home_icon

होम

इनस्टॉल ऐप

ई-पेपर

video_icon

शॉर्ट्स

profile_icon

प्रोफाइल

दुकानदार की गला रेतकर हत्या करने वाला आरोपी आठ घंटे में गिरफ्तार

दिनदहाड़े शहर के व्यस्ततम मार्ग पर दुकानदार की कर दी थी हत्यापुलिस ने आठ घंटे में सुलझाई हत्या की गुत्थीसीसीटीवी फुटेज से हुआ खुलासाआरोपी कोतवाली थाने का सूचीबद्ध गुंडा
2 min read
Follow Patrika on Google News
Google source verification

खंडवा

•

image

Tarunendra Singh Chauhan

•

Updated: 13 Jun 2021, 12:47 PM IST

murderer Kaushal Shah

murderer Kaushal Shah

खंडवा. शहर के व्यस्ततम मार्ग पर दिनदहाड़े मोबाइल दुकानदार की गला रेत कर हुई हत्या की गुत्थी पुलिस ने 8 घंटे में सुलझा ली। सिंधी कॉलोनी निवासी गुलाब राय पिता कन्हैयालाल पंजाबी (52) शनिवार सुबह 10 बजे अपनी दुकान पर पहुंचे थे। रेलवे स्टेशन के सामने पार्वती बाई धर्मशाला के बाहर उनकी मोबाइल, चश्मा, बेल्ट की दुकान है। दोपहर 12.30 बजे जब दुकान में कोई नहीं दिखा तो आसपास के लोगों ने दुकान में झांक कर देखा। दुकानदार गुलाबराय अंदर घायल अवस्था में पड़े थे, उनके गले से खून निकल रहा था। लोगों ने तुरंत ही पुलिस को सूचना दी। कोतवाली थाना पुलिस ने मौके पर पहुंचकर घायल को जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया।

शहर में 24 घंटे के अंदर दो चाकूबाजी की घटनाओं से दहशत फैल गई थी। शनिवार दोपहर में हुई हत्या के बाद पुलिस अधीक्षक विवेक सिंह ने तीनों थाने के निरीक्षकों का विशेष दल बनाकर जांच के आदेश दिए थे। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज के आधार पर कोतवाली थाने के सूचीबद्ध गुंडे को पकड़ा तो सारा मामला सुलझ गया। आरोपी ने नशे में दुकानदार से हुए विवाद के बाद कटर से गला रेत दिया था।

शव ले जाने से किया था मना
शुक्रवार की रात चाकूबाजी की घटना और शनिवार को दिनदहाड़े हत्या के बाद पुलिस पर वैसे दबाव था। हत्या के बाद सिंधी समाज के युवाओं ने आक्रोश भी जताया था और शहर में दुकानें बंद भी कराई थी। हालांकि दुकानें कुछ देर में ही खुल गई थी। इसके बाद शाम को पोस्टमार्टम होने के बाद परिजन और समाजजनों ने शव लेने से इंकार कर दिया था। शव को मर्चुरी के बाहर रखकर हत्यारे को पकडऩे की मांग की थी। एएसपी सीमा अलावा ने आश्वासन दिया था कि हत्यारे को रात तक पकड़ लिया जाएगा।

आधा घंटा पहले पुत्र देकर गया था टिफिन
मृतक गुलाब राय का पुत्र आकाश घटना के करीब आधा घंटा पूर्व ही दुकान पर टिफिन देकर गया था। इसके बाद सूचना आई की उनकी मौत हो गई। कोतवाली टीआइ बीएल मंडलोई, मोघट टीआइ बीएल अटोदे, पदम नगर थाना प्रभारी बलजीत सिंह बिसेन, एफएसएल अधिकारी डॉ. विकास मुजाल्दा सहित बल मौके पर पहुंचा। घटना कैसे और किसने की इसकी जानकारी आसपास के लोगों को भी नहीं थी। इसके बाद पुलिस ने यहां सीसीटीवी फुटेज देखे, जिसमें एक संदिग्ध नजर आया। पुलिस अधीक्षक विवेक सिंह ने बताया कि सीसीटीवी में दिख रहे संदिग्ध को पकडकऱ पूछताछ की गई तो सारा मामला सुलझ गया। आरोपी कौशल उर्फ कौसर पिता अजीज शाह निवासी रेणुका माता मंदिर ने शुक्रवार को आकाश मोबाइल दुकान से एक हजार रुपए में मोबाइल, सिम और मेमोरी कार्ड खरीदा था। मोबाइल चल नहीं रहा था, इसलिए शनिवार सुबह 11.30 बजे बदलने पहुंचा था। यहां मौजूद गुलाब राय ने कहा था कि आकाश आ जाए तब बदल लेना। इसके एक घंटे बाद आरोपी फिर दुकान पहुंचा था, आकाश दुकान पर नहीं था, जिसके कारण उसका विवाद गुलाब राय से हो गया।

अवैध वेंडर और नशे का आदी है आरोपी
एसपी ने बताया कि आरोपी कौशल उर्फ कौसर कोतवाली थाने का सूचीबद्ध गुंडा है। उसे बांड ओवर भी कर रखा है। आरोपी पर कोतवाली थाने में मारपीट व अन्य धाराओं में सात केस दर्ज हैं। आरोपी रेलवे स्टेशन पर अवैध वेंडर का काम करता है। साथ ही वो नशे का भी आदी है। तीनों थाने के निरीक्षकों सहित एसआइ सुभाष नावड़े, एएसआइ हिफाजत अली, आरक्षक अमर, अमित, धर्मेंद्र, संदीप, अनिल बछाने, दीपेंद्र, नितिन, प्रआ वीरेंद्र यादव, दिलीप पाठक, सुनील सेंगर, अरविंद तोमर, पआ राजेंद्र पांजरे आदि की विशेष भूमिका रही।