19 जनवरी 2026,

सोमवार

Patrika LogoSwitch to English
icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

खरगोन

video-बेमौसम बारिश से बर्बाद फसलें, सरकार पर टिकी किसानों की आस

जिले में 8396 हेक्टेयर मेें फसलें हुई खराब, 6773 किसान प्रभावित, फसल बीमा योजना भी बनी मजाक, तीन साल में सिर्फ एक बार मिला लाभ, इसलिए किसानों का मोहभंग

Google source verification

खरगोन

image

Hemant Jat

Mar 23, 2023

खरगोन.
जिले में पिछले दिनों हुई बेमौसम बारिश और ओलावृष्टि से सैकड़ों एकड़ में फसलें बर्बाद हो गई। इससे किसानों की आर्थिक कमर टूट गई है। फसल नुकसानी को लेकर किसानों की सारी उम्मीदें अब सरकार पर टिकी है। इस मुश्किल घड़ी में किसान राहत की आस लगाए बैठे हैं। कृषि और राजस्व अमला अलग-अलग क्षेत्रों में सर्वे कर फसल नुकसानी की रिपोर्ट तैयार कर रहा है। प्रारंभिक सर्वे में लगभग 8396 हजार हेक्टेयर में गेहूं, चना और मक्का फसल को नुकसान होने की बात सामने आई है। वहीं प्रभावित किसानों की संख्या 6773 के आसपास है। वहीं किसानों के लिए शुरू की गई फसल बीमा योजना भी जिले में मजाक बन रही है। दअरसल, पिछले तीन सालों में इस योजना से किसानों को खास लाभ नहीं मिला है। इसलिए हर साल किसानों का रुझान घटता जा रहा है। जिसके कारण साल-दर साल फसल बीमा कराने वाले किसानों की संख्या भी कम होती जा रही है।

नौ करोड़ से अधिक का प्रीमियम वसूला

केंद्र सरकार द्वारा फसल बीमा को ऐच्छिक किया गया है। पिछले सालों में खास लाभ नहीं मिलने से किसानों ने भी इस पर ध्यान नहीं दिया। खरगोन और बड़वानी जिले में सोसायटियों से ऋण लेते समय फसल बीमा की राशि जमा होती है। जिला केंद्रीय बैंक से मिली जानकारी के अनुसार तीन सालों में बीमा कंपनी द्वारा किसानों से लगभग 9 करोड़ का प्रीमियम वसूला गया। जबकि साल 2020 में रबी सीजन में एक बार किसानों को लाभ मिला। तब बीमा कंपनी द्वारा 89630 किसानों के खातों में 43.43 करोड़ की राशि बतौर क्षतिपूूर्ति के रूप में डाली गई। लेकिन पिछले दो सालों में किसी तरह की नुकसानी पर राशि नहीं मिली।

ये है फसल बीमा की स्थिति

वर्ष बीमित किसान खरीफ प्रीमियम राशि रबी में बीमित किसान प्रीमियम राशि
2020 79789 8.54 43386 1.22
2021 62255 4.55 12097 0.36
2022 49250 4.93 12797 0.43
(नोट:- आंकड़े जिला सहकारी केंद्रीय बैंक के अनुसार। राशि करोड़ में।)

आठ तहसीलों में नुकसान, सर्वे रिपोर्ट तैयार

हवा-आंधी और बेमौसम बारिश से जिले के कई इलाकों में भारी नुकसान हुआ है। जिससे किसानों पर आर्थिक मार पड़ेेगी। कृषि विभाग द्वारा तैयार की गई रिपोर्ट में आठ तहसीलों में अलग-अलग आंकलन हुआ है। डीडीए एमएल चौहान ने बताया कि भीकनगांव और झिरन्या क्षेत्र में 25 से 30 प्रतिशत नुकसान हुआ है। जबकि खरगोन तहसील में यह 15 से 20 प्रतिशत के बीच में है। रिपोर्ट कलेक्टर को प्रस्तुत की गई। जो अब शासन को भेजी जाएगी। कसरावद और महेश्वर तहसील में नुकसानी नहीं दर्शाई गई है।

तहसील प्रभावित किसान रकबा

भीकनगांव 2012 2347
सेगांव 202 218
झिरन्या 134 101
सनावद 145 350
्रभगवानपुरा 200 225
खरगोन 2200 2650
बड़वाह 80 65
गोगावां 1800 2440
कुल 6773 8396

प्रारंभिक रिपोर्ट

फसल नुकसानी के संंबंध में विभाग और राजस्व अमले द्वारा अलग-अलग सर्वे किया गया। प्रारंभिक आकलन है कि 8 से 9 हजार हेक्टेयर में फसलों को आंशिक तो कुछ क्षेत्रों में ज्यादा नुकसान हुआ है।

एमएल चौहान, उप संचालक कृषि विभाग