
खरगोन। गरज चमक और तेज हवा आंधी के साथ बुधवार-गुरुवार की दरमियानी हुई रात जिले में जोरदार बारिश ने किसानों की चिंताएं बढ़ गई है। देर रात में तेज हवाओं के साथ हुई जोरदार बारिश के चलते खेतों में किसानों के खड़ी हुई गेहूं की फसल आड़ी बिछ गई, वहीं इस बारिश से चने की फसल को भी भारी नुकसान हुआ है।
वहीं कुछ किसानों ने तो इस दौरान बारिश को देख खेतों में काटकर रखी चने की फसल को बचाने के लिए रात में ही उसे त्रिपाल से ढंक दिया। जानकारों की मानें तो तेज बारिश के चलते खेतों में काटकर रखी गेहूं और चने की फसल में नमी आ जाने के कारण इनकी चमक में कमी आने की संभावना है। जिस के चलते उपज के कम भाव किसानों को मिलने की आशंका बनी हुई है। वहीं किसानों ने अब सरकार के सामाने मुआवजे की मांग भी रख दी है।
आपको बता दें कि खरगोन जिले में गेहूं करीब 2 लाख 21 हजार 310 हेक्टेयर क्षेत्र में, वहीं चना करीब एक लाख 23 हजार 516 हेक्टेयर क्षेत्र में जबकि 8 हजार 312 हेक्टेयर में मक्का की फसल की बुवाई की गई थी। जिसके बाद अधिकतर खेतों से होली के बाद गेहूं और चने की फसल की कटाई का दौर चल रहा है, वहीं कुछ जगह देरी से बुआई के कारण अभी भी किसानों की गेंहू और चने की फसल खेतों में खड़ी है। ऐसे में हवा और आंधी के साथ हुई बारिश से खेतों में खड़ी गेहूं और चने की फसल आड़ी पड़ गई। जिससे किसानों को भारी नुकसान पहुंचा है।
वहीं पिछले सोमवार-मंगलवार की दरमियानी रात इटारसी तहसील में भी सैकड़ों किसानों की फसल को आंधी- बारिश ने चौपट कर दिया था। दरअसल यहां भी रात में तेज आंधी- तूफान, तो कहीं- कहीं बारिश गिरने से खेतों में गेहूं और चना की फसल को काफी अधिक नुकसान हुआ था। भारतीय किसान संघ ने मंगलवार की दोपहर को एसडीएम एमएस रघुवंशी से मिलकर ज्ञापन सौंपा और सर्वे कराकर मुआवजा दिलाने की मांग की। इस मौके पर संघ के तहसील अध्यक्ष श्रीराम दुबे, तहसील मंत्री सुभाष साध, रजत दुबे आदि किसान उपस्थित रहे।
10 एकड़ में लगी गेंहू- चने की फसल बर्बाद
वही ग्राम बमुरिया के किसान अभय सिंह राजपूत ने बताया कि आंधी- बारिश से उसके खेत में 10 एकड़ में लगी चने की फसल पूरी बर्बाद हो गई है। फसल पूरी तरह से जमीन पर लोट गई है। गेहूं का भी बहुत भारी नुकसान हुआ है, वही चने की फसल को 90 प्रश. का नुकसान हो गया है। बमूरिया क्षेत्र के किसान अजय सिंह राजपूत, उमाशंकर सिंह, रघुनंदन सिंह, गिरधारी सिंह, ललित सिंह, कठिन सिंह, प्रशांत, उदय आदि ने भी फसलों का नुकसान होने की बात कही है।
फसलों के लिए नुकसानदेह - बारिश
कुछ दिन पहले प्रदेश में हुई बारिश के संबंध में जानकारों का कहना है कि राजधानी सहित प्रदेश में हो रही यह बारिश फसलों के लिए नुकसानदेह रहेगी। इस समय गेहूं की फसल पकने की स्थिति में है। साथ ही चना, मसूर सहित अन्य फसलों के लिए भी यह बारिश हानिकारक होगी। मौसम विशेषज्ञ अजय शुक्ला का कहना है कि अभी आम के बौर भी आए हैं। तेज हवाओं के कारण बौर को नुकसान होगा और आम का उत्पादन प्रभावित होगा। इसी तरह अन्य फल, सब्जियों के लिए भी यह बारिश नुकसानदेह होगी।
क्यों बिगड़ा था मौसम का मिजाज?
1- दक्षिण पश्चिम राजस्थान में 0.9 किमी की ऊंचाई पर प्रेरित चक्रवात
2- दक्षिण कोंकण से छत्तीसगढ़ तक द्रोणिका
3- उत्तर भारत में पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय
Updated on:
16 Mar 2023 04:42 pm
Published on:
16 Mar 2023 04:39 pm
बड़ी खबरें
View Allखरगोन
मध्य प्रदेश न्यूज़
ट्रेंडिंग
