
kunda river khargone
खरगोन.
स्वच्छता अभियान की दौड़ में खुद को आगे रखने के लिए नपा को एक बार फिर कुंदा सफाई अभियान की याद आई है। नदी पर दो बार पहले भी सामाजिक संगठनों व नागरिकों की मदद से श्रमदान कर सफाई अभियान चलाया गया था। लेकिन स्थिति जस की तस बनी हुई है। सोमवार को तीसरे चरण के तहत श्रमदान कर नदी के किनारों पर साफ-सफाई की जाएगी। बहरहाल, गणेश मंदिर के समीप नदी किनारे मलबा डालकर कतिपय लोगों द्वारा अतिक्रमण किया जा रहा है, उस ओर अभी तक नपा के जिम्मेदारों ने कोई ध्यान नहीं दिया है। यहां अवैध तरीके से ट्रकों की पार्किंग की जा रही है। जिस पर खुद कलेक्टर अशोक कुमार वर्मा नाराजगी जाहिर कर चुके हैं। लेकिन कार्रवाई के नाम पर नपा ने अभी तक कोई कदम नहीं उठाया।
नदी किनारे ट्रकों का अड्डा
जिस स्थान के पास श्रमदान और सफाई अभियान चलाया जाएगा, उसी स्थान के पास कुंदा के किनारों से कुछ ही दूरी पर वाहनों का कब्जा हर वक्त रहता है। यहां ट्रक खड़े रहते हैं। अब यह स्थान ट्रक खड़े करने का स्थाई स्थान बन चुका है। सोमवार सुबह आठ बजे इसी स्थान पर श्रमदान कार्यक्रम होगा। सुबह आठ बजे से एक दिनी श्रमदान कार्यक्रम शुरू होगा। जिसमें शहर की विभिन्न स्कूलों के डीआरपी लाइन के जवानों सहित विभिन्न संगठनों और विभागों से जुड़े लोग भी इस श्रमदान में शामिल होंगे।
१२०० डंपर गाद निकाली थी कुंदा से
नगर पालिका प्रशासन की ओर से इससे पहले भी दो बार अभियान चलाया गया था। पहला अभियान २०१६ में दस दिनी अभियान चलाया गया था। इस अभियान के दौरान कुंदा से ९०० डंपर गाद और जलकुंभी निकाली गई थी। इसके बाद दूसरा अभियान इसी वर्ष मई-जून में चलाया गया था। इस अभियान में भी करीब ३०० डंपर गाद और जलकुंभी निकाली गई थी। दिलचस्प बात यह है कि नपा के कुंदा को संवारने के अभियान छोटे होते चले गए। पहला अभियान दस दिन का था। दूसरा आठ दिन का और अब सोमवार को एक दिन का अभियान चलाया जाएगा। हालांकि यह सोमवार को किया गया श्रमदान तय करेगा कि अभियान आगे बढ़ाया जा सकता है या नहीं
फ्लिहाल एक दिन का अभियान चलाया जाएगा। यदि जनता का सहयोग मिला तो आगे भी चलाया जाएगा। जहां तक अतिक्रमण की बात है तो संबंधित लोगों को नोटिस देकर कार्रवाई की जाएगी।
- प्रकाश चित्ते, स्वास्थ्य अधिकारी नगरपालिका खरगोन
तीन चरणों की बानगी
पहला चरण-मई-जून २०१६
-१० दिन चले अभियान में ९०० डंपर गाद निकाली।
-३००० लोगों ने की शिरकत
दूसरा चरण- मई-जून २०१७
-७ दिन चला अभियान। २५० से ३०० डंपर निकाली गाद।
-१५०० से २००० लोगों ने की सहभागिता
तीसरा चरण-२५ दिसंबर २०१७
-०१ दिन। नपा का दावा ५०० लोगों के शामिल होने का।
Published on:
25 Dec 2017 12:42 pm
बड़ी खबरें
View Allखरगोन
मध्य प्रदेश न्यूज़
ट्रेंडिंग
