खरगोन.
शहर में इन दिनों रंगोत्सव की धूम है। जगह-जगह फागोत्सव के आयोजन हो रहे हैैं। गुलाल के साथ फूलों की होली खेली जा रही है। कहीं राधाकृष्ण संग रास तो कहीं होली के गीत गूंज रहे हैं। इसी कड़ी में मध्यप्रदेश जायसवाल सर्ववर्गीय महासभा की महिला मंडल ने बिस्टान रोड स्थित निजी गार्डन में फाग उत्सव मनाया। सूखे रंगों और फूलों से होली खेली। यहां श्रीकृष्णर-राधाजी की जीवंत झांकी सजाई गई। महिलाओं ने फाग गीतों पर रास किया।
महासभा अध्यक्ष तरुणा जायसवाल ने कहा सनातन संस्कृति में सभी त्यौहार सामाजिक समरसता, सौहार्द का प्रतीक होते हंै। होली का यह पर्व हमें आपसी मतभेद को मिटाकर स्नेह में रंगने का संदेश देता है। जिला मीडिया प्रभारी प्रेमलता मोहन जायसवाल ने बताया डॉली जायसवाल, रीना जायसवाल, भगवान श्रीकृष्ण और स्वेतिका जायसवाल, शालिनी चौहान राधाजी की वेशभूषा में शामिल हुई। उपाध्यक्ष रीना जायसवाल, अर्चना जायसवाल, शेफाली आर्य आदि मौजूद रहे।
नवग्रह मित्र मंडल ने मनाया फाग उत्सव
नवगठित श्री नवग्रह मित्र मंडल ने भी फाग उत्सव मनाया। इसमें प्रकाश रत्नपारखी, डॉ. भागीरथ कुमरावत, बाबूलाल महाजन, डॉ. शंभूसिंह मनहर, एडव्होकेट मुकेश पण्ड्या, डॉ. काशीराम शर्मा, शैलेन्द्र सिंह रघुवंशी, रवि जायसवाल, नरेन्द्र सिंह चौहान आदि शामिल हुए। इस अवसर पर फाग गायक चम्पा लाल यादव, उनकी टीम ने भजन और गीत गाकर समां बांधा।
कल मनाएंगे रंगपंचमी, निकलेगी गैर
रंगोत्सव की कड़ी में रविवार को रंगपंचमी का पर्व मनाया जाएगा। शहर सहित अंचल रंगों से सराबोर होगा। जगह-जगह गैर निकाली जाएगी। जिला मुख्यालय पर नगरपालिका के तत्वावधान में में रंगारंग गैर का आयोजन होगा। सुबह 11 बजे इसकी शुरुआत नगरपालिका टाउनहॉल से होगी। फायर फाइटर से रंगीन फव्वारे छोड़े जाएंगे।