मुम्बई में ममता ने उद्धव ठाकरे को, कोलकाता में छात्रा ने पुलिस आयुक्त को बांधी राखी
कोलकाता. रक्षाबंधन पर्व के मुहूर्त को लेकर विद्वानों में मतभेद के बावजूद बुधवार को कोलकाता से मुम्बई तक आम से लेकर खास लोग इस पर्व के रंग में रंगे नजर आए। मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने मुम्बई स्थित मातोश्री में शिवसेना यूटीबी प्रमुख उद्धव ठाकरे को भाई मानकर राखी बांधी। कोलकाता में थाना समेत कई जगह पर्व मनाया गया। महानगर में कोलकाता पुलिस आयुक्त विनीत गोयल को छात्राओं ने राखी बांधी। इसी तरह शहर में सार्वजनिक रूप से आम लोगों को राखी बांधी गई। तृणमूल कांग्रेस ने रक्षा बंधन उत्सव मनाया।
—
सार्वजनिक रूप से रक्षापर्व मनाया
बुधवार को जहां घरों में बहनों ने भाइयों की कलाई पर रक्षा सूत्र बांधा वहीं विभिन्न राजनीतिक दलों तथा सरकारी एवं गैर सरकारी संगठनों ने तारासुंदरी पार्क, बीके पाल मोड़, गणेश टॉकीज सहित पूरे महानगर में जगह-जगह सार्वजनिक रूप से रक्षापर्व मनाया। इस दौरान उन्होंने राहगीरों तथा वाहन चालकों को राखी बांधी। सत्यनारायण पार्क एसी मार्केट के सामने सेल्यूट तिरंगा उत्तर कोलकाता के स्वयंसेवकों ने राष्ट्ररक्षा संकल्प के साथ रक्षाबंधन पर्व पर सार्वजनिक कार्यक्रम का आयोजन किया।