पथराव से एक पुलिसकर्मी घायल, पुलिस ने किया लाठीचार्ज
कोलकाता
पश्चिम बंगाल के मालदह जिले के गाजल इलाके में विश्व हिन्दू परिषद (विहिप) पर लड़कियों का धर्मांतरण कर हिन्दू युवकों से शादी कराने का आरोप लगाते हुए झारखंड दिशम पार्टी के कार्यकर्ताओं ने रविवार को जोरदार हंगामा किया। विहिप और झारखंड दिशम पार्टी के कार्यकर्ताओं के बीच मारपीट हुई। झारखंड दिशम पार्टी के कार्यकर्ताओं ने रास्ता जाम कर दिया। घटना की खबर पाकर पुलिस पहुंची तो पुलिस पर पथराव शुरू कर दिया गया। एक पुलिकर्मी घायल हो गया। फिर पुलिस ने लाठीचार्ज कर स्थिति को नियंत्रण में किया। घटना को लेकर इलाके में तनाव का माहौल व्याप्त है। पर्याप्त संख्या में पुलिस बल की तैनाती की गई है। उच्च अधिकारी स्थिति पर नजर रख रहे हैं।
गाजल थाना क्षेत्र के आलमपुर इलाके में विहिप की ओर से सामूहिक विवाह कार्यक्रम का आयोजन किया गया था। शादी के लिए लगभग 200 जोड़े उपस्थित हुए थे। उनमें बड़ी संख्या में आदिवासी लड़कियां भी थी। शादी का रश्म चल रहा था। अचानक हाथ में लाठी-डंडा लिए झरखंड दिशम पार्टी के कार्यकर्ताओं ने वहां हमला बोल दिया। भगदड़ मच गई। दोनों दलों के कार्यकर्ताओं के बीच मारपीट शुरू हो गई। पुलिस और स्थानीय लोगों के हस्तक्षेप के बाद स्थिति सामान्य हुई। इस वजह से सामूिहक विवाह समारोह रद्द करना पड़ा। फिर झारखंड दिशम पार्टी के कार्यकर्ताओं ने राष्ट्रीय राजमार्ग-34 पर जाम लगाया। पुलिस पहुंची तो पुलिस वालों पर पथराव किया।
झारखंड दिशम पार्टी के नेताओं का आरोप है कि विहिप आदिवासी लड़कियों का धर्मांतरण कर हिन्दू युवकों के साथ शादी करवा रही है। आदिवासी प्रकृति के उपासक हैं। आदिवासी लड़कियों की हिन्दू लडक़ों से शादी करना उचित नहीं है। उनकी पार्टी यह बर्दाश्त नहीं करेगी।
----
आरोप गलत-विहिप
दूसरी ओर विहिप नेताओं ने झारखंड दिशम पार्टी नेताओं के इस दावे को झूठा बताया है। विहिप के जिला अध्यक्ष मलय मुखोपाध्याय ने कहा कि आदिवासी हिन्दू हैं। भले ही वे उपासना प्रकृति के करते हैं, लेकिन वे हिन्दू हैं। विहिप की ओर से प्रत्येक वर्ष यहां सामूहिक विवाह का आयोजन किया जाता है और भविष्य में भी कराया जाएगा।