कोरबा. सिलेंडर के पाइप से गैस रिसाव को देखकर डरा परिवार जैसे ही घर से बाहर निकला, सिलेंडर में ब्लास्ट हो गया। ब्लास्ट से घर की छत उड़ गई। कमरे में लगा सिलिंग फेन तीन घर दूर जाकर गिरा। आग से घर का सामान पूरी तरह जलकर खाक हो गया।
घटना मानिकपुर चौकी क्षेत्र के मुड़ापार बस्ती की है। शुक्रवार की रात करीब साढ़े 10 बजे जुनैद खान अपनी पत्नी, दो बच्चों के साथ खाना खा रहे थे। इसी दौरान जुनैद खान को गैस की बदबू आने लगी। कीचन में वह पहुंचा तो सिलेंडर के पाइप से गैस का रिसास हो रहा था। इसे ठीक करने का प्रयास कर रहा था इसी बीच रिसाव और तेज होने लगा। डर के पूरा परिवार घर के बाहर निकल गया। पड़ोसियों को बुलाया गया। जैसे लोग घर के भीतर जाने वाले थे। तेज धमाके के साथ गैस सिलेंडर ब्लास्ट हो गया। धमाका इतना तेज था कि घर का छज्जा ही टूट गया। ब्लास्ट की वजह से पूरे घर में आग लग गई। सूचना मिलने पर दमकल के वाहन मौके पर पहुंचे। काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया।
गली में नहीं घुस सकी दमकल, हुआ विलंब
सूचना पर जब होमगार्ड की दमकल मुड़ापार बस्ती में पहुंची तो घर तक नहीं पहुंच सकी। दरअसल बस्ती की संकरी गलियों की वजह से गाड़ी नहीं जा सकी। तब पाइप जोड़कर घर की आग को बुझाया गया। जब तक आग नहीं बुझी थी पड़ोस में रहने वाले लोगों की सांसे भी अटकी रही। कई मकानों के दीवार में दरारें पड़ गई है। जुनैद खान ने बताया कि इस घटना से उसे लाखों का नुकसान पहुंचा है।