
पुलिस की ओर से जब्त चांदी
चांदी की बढ़ती कीमतों के बीच टैक्स चोरी कर इसकी तस्करी व कालाबाजारी की संभावनाएं भी बढ़ गई है। मंगलवार को कोटा ग्रामीण के कनवास थाना पुलिस ने नाकाबंदी के दौरान एक कार से करीब 1 करोड़ 40 लाख रुपए कीमत की 49.43 किलो कीमत की कच्ची चांदी की सिल्लियां जब्त की। जिसकी आयकर और जीएसटी विभाग को भी सूचना दी है। साथ ही दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
पुलिस अधीक्षक सुजीत शंकर ने बताया कि अवैध पदार्थों की रोकथाम को लेकर इन दिनों जिलेभर में पुलिस टीमों की ओर से सघन नाकाबंदी की जा रही है। मंगलवार को सांगोद पुलिस उपाधीक्षक नरेंद्र जैन के सुपरविजन में कनवास थानाधिकारी अनूप सिंह के नेतृत्व में गठित टीम ने कनवास चौराहा पर नाकाबंदी कर रखी थी। यहां से गुजर रही एक कार को रूकवाकर तलाशी ली तो उसमें 49.43 किलोग्राम कच्ची चांदी की सिल्लियां मिली। पुलिस ने कार सवार गरोठ, जिला मंदसौर मध्यप्रदेश निवासी आशीष जैन व पीरूलाल माली से पूछताछ की तो वो कोई संतोषप्रद जवाब नहीं दे सके। पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। जब्त चांदी चुराई हुई है या किसी आपराधिक कृत्य से ले जाई जा रही है, इसकी जांच अब पुलिस कर रही है। इसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत 1 करोड़ 40 लाख रुपए बताई जा रही है।
Updated on:
03 Feb 2026 06:31 pm
Published on:
03 Feb 2026 06:31 pm
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
