कोटा . कोटा विश्वविद्यालय के नए कुलपति की तलाश शुरू हो गई है। इसके लिए पहली बार विज्ञापन निकालकर देश भर के शिक्षाविदों से आवेदन मांगे जाएंगे। विवि प्रबंध मंडल ने चयन प्रक्रिया शुरू करने के लिए राजभवन को पत्र लिख दिया है।
वर्तमान कुलपति प्रो. पीके दशोरा का कार्यकाल 11 मई को खत्म हो रहा है। लिहाजा, विवि प्रबंध मंडल ने राज्यपाल एवं कुलाधिपति कल्याण सिंह को नए कुलपति के चयन के लिए सर्च कमेटी गठित करने को पत्र लिखा है। साथ ही प्रबंध मंडल ने कमेटी में विवि के प्रतिनिधि के तौर पर राजस्थान विवि के कुलपति प्रो. आरके कोठारी को नामित किया है।
पहली बार मांगे जाएंगे आवेदन राज्यपाल कल्याण सिंह ने हाल ही विश्वविद्यालयों में कुलपति नियुक्ति की प्रक्रिया को पारदर्शी बनाने और देश भर के दिग्गज शिक्षाविदों को इससे जोडऩे के लिए विज्ञप्ति निकालकर आवेदन मांगने की प्रक्रिया शुरू की है। कोटा विवि में कुलपति की नियुक्ति के लिए पहली बार आवेदन मांगा जाएगा। कम से कम 10 साल तक प्रोफेसर पद पर कार्यकर चुके शिक्षक इस पद के लिए आवेदन कर सकेंगे।
ऐसे चुनते हैं कुलपति नए कुलपति की तलाश के लिए विवि प्रबंध मंडल राजभवन को सर्च कमेटी गठित करने के लिए पत्र लिखता है। साथ ही अपना एक प्रतिनिधि भी कमेटी में नामित करता है। इसके बाद राज्यपाल अपना खुद का, सरकार, विश्वविद्यालय अनुदान आयोग और प्रबंध मंडल के नामित प्रतिनिधि चुनकर 4 सदस्यीय सर्च कमेटी गठित कर देते हैं।
कमेटी शिक्षाविदों से आवेदन मांगती है। प्राप्त आवेदनों का मैरिट के आधार पर पैनल बनाकर राज्यपाल को सौंप देती है। कुलाधिपति राज्य सरकार की सहमति से इस पैनल में से एक शिक्षाविद को चुनकर तीन साल के लिए कुलपति नियुक्त कर देते हैं।