केशवपुरा मुक्तिधाम में चिता स्थल पर तांत्रिक क्रिया करने का मामला सामने आया है। मृतक के परिजन जब मुक्तिधाम पर अस्थियां चुनने पहुंचे तो चिता स्थल पर पूजन सामग्री फैली देख परिजन चकित रह गए। परिजन ने अज्ञात व्यक्ति द्वारा तांत्रिक क्रिया करने की सम्भावना जताते हुए हंगामा खड़ा कर दिया। सूचना पर पुलिस भी मौके पर पहुंची।
बालाकुंड निवासी संजीव यादव ने बताया कि ससुर हजारीलाल यादव (65) का शुक्रवार रात आकस्मिक निधन हो जाने पर शनिवार को अंतिम संस्कार किया था। रविवार को तीसरे की रस्म अदा करने व अस्थियां चुनने मुक्तिधाम आए तो चिता स्थल पर फूल माला, शराब की बोतल, मिठाई, नमकीन व अन्य सामग्री पड़ी हुई थी। चिता स्थल पर तांत्रिक क्रिया करने का आरोप लगाते हुए परिजनों ने हंगामा कर दिया। मृतक के बेटे दीपक ने बताया कि ऐसी घटनाएं पहले भी हो चुकी है। मुक्तिधाम पर ना तो सीसीटीवी कैमरे है ना ही सुरक्षा की कोई व्यवस्था है। थानाधिकारी नरेश कुमार ने बताया कि चिता स्थल पर आपत्तिजनक सामग्री मिली है। मुक्तिधाम के अंदर सीसीटीवी नहीं है। परिजनों की रिपोर्ट पर जांच कर रहे हैं।