Anoothi shaadee : कोटा. शिक्षा नगरी कोटा में एक अनूठी शादी हुई। शादी में दूल्हा दुल्हन ने लोगों को नेत्रदान का संकल्प दे डाला। असर ऐसा हुआ कि घराती और बारातियों ने दूसरों के जीवन में रौशनी भरने के लिए नेत्रदान का संकल्प पत्र उपहार के रूप में दे दिया। खुद दूल्हे सोनू साहू ने नेत्रदान का संकल्प लिया तो दुल्हनियां ने भी सात फेरों के वचनों के साथ नेत्रदान का संकल्प लिया।
रायपुरा क्षेत्र में सामाजिक कार्यकर्ता सोनू साहू लाडला का विवाह हुआ था। शादी के धूमधड़ाके व खुशी के माहौल में शाइन इंडिया फाउण्डेशन व आई बैंक सोसायटी ऑफ राजस्थान की ओर से नेत्रदान संकल्प शिविर का आयोजन भी किया गया। सोनू शाइन इंडिया फाउंडेशन में ज्योति मित्र है। उसकी शर्त थी कि उसकी शादी में घर व परिवार के सदस्यों के साथ दुल्हन पक्ष के खास रिश्तेदार भी नेत्रदान का संकल्प लें। असर ऐसा हुआ कि शादी समारोह में 230 लोगों ने नेत्रदान का संकल्प ले लिया।
पूर्व में कर लिया था निर्घारित
शाइन इंडिया फाउण्डेशन के डॉ कुलवंत गौड़ ने बताया कि सोनू ने पूर्व में ही तय कर लिया था कि जो वे अपने विवाह में लोगों को जागरूक करेंगे।2 माह पूर्व विवाह तय होते ही उन्होंने अपनी होने वाली पत्नी अंतिमा साहू और दोनों परिवारों के सदस्यों से विवाह समारोह में नेत्रदान संकल्प पत्र शिविर लगाने एवं नेत्रदान संकल्प लेने की बात कर ली थी।सोनू की शर्त को परिजनों ने सहर्ष स्वीकार कर लिया।
बारात में आकर्षक झांकी
सोनू की बारात में नेत्रदान का संदेश देती आकर्षक झांकी सजाई गई। इसमें नेत्रदान को परिवार में बनाएं परम्परा सरीखे संदेश दिए गए। दूल्हा घोड़ी पर सवार होकर नेत्रदान का संदेश देता नजर आया। अन्य बारातियों ने तख्तियों पर लिखे संदेशों से लोगों को नेत्रदान के प्रति जागरूक किया । आयोजन स्थल पर काउंटर लगाकर नेत्रदान के लिए संकल्प पत्र भरवाए गए। शादियों में आए मेहमानों को संस्था की ओर से जागरुकता के पत्रक वितरित किए गए। तोरण की रस्म के दौरान एलईडी पर जागरूकता के संदेश प्रसारित किए गए।
दूसरों के जीवन में भरें उजाला
शाइन इंडिया फाउंडेशन के डॉ.कुलवंत गौड़ ने बताया कि नेत्रदान कर हम दूसरों के जीवन में रौशनी भर सकते हैं। राठौर सोशल ग्रुप के अध्यक्ष सोनू ने बताया कि हम दूसरों की किसी भी रूप में मदद कर सकें, इससे बड़ी खुशी नहीं हो सकती। सभी लोगों को इस तरह के संकल्प लेने चाहिए।