
किसी घर में स्मार्ट मीटर लगाया तो उखाड़ देंगे : विधायक शर्मा
कोटा. शहर में बिजली वितरण के हालात, स्मार्ट मीटर को लेकर निजी विद्युत वितरण कंपनी केईडीएल के खिलाफ सत्ताधारी भाजपा नेताओं और कार्यकर्ताओं का भी गुस्सा बढ़ता जा रहा है। कांग्रेस भी इस मामले में प्रदर्शन कर रही है। कोटा दक्षिण विधायक संदीप शर्मा ने अब कंपनी को दस दिन में व्यवस्थाएं सुधारने की चेतावनी दी है, अन्यथा विधायक की अगुवाई में ही प्रदर्शन किया जाएगा। शर्मा ने कहा कि अगर किसी भी घर में स्मार्ट मीटर लगाया गया तो वे खुद उसे उखाड़ देंगे। उन्होंने एक बयान में कहा कि शहर के लोगों को परेशान नहीं होने दिया जाएगा। इस मामले में उन्होंने जयपुर में मंत्री समेत सभी पक्षों से बात की थी। पीजी और हॉस्टल पर सहमतिभी बनी थी। अब मामले की जानकारी मुख्यमंत्री से मिल कर उन्हें भी दी जाएगी। विधायक शर्मा ने कहा कि ऐसा लग रहा है कि कंपनी की रुचि आम लोगों को बेहतर सेवाएं देने से अधिक उपभोक्ताओं को परेशान करने की है। स्मार्ट मीटर के नाम पर बढ़ा-चढ़ाकर बिल वसूली की जा रही है। बिजली समस्या को लेकर लगातार शिकायतें सामने आ रही हैं। इसके बाद समय समय पर केईडीएल के अधिकारियों को चेतावनी भी दी गई, लेकिन कंपनी के अधिकारियों को आम लोगों से कोई सरोकार ही नहीं दिख रहा है। शर्मा ने बताया कि जयपुर में हॉस्टल एसोसियशन के सदस्यों ने मुलाकात की थी। एसोसिएशन ने बताया था कि उन पर गलत तरीके सें वीसीआर भरने तथा कॉमर्शियल बिल व लाखों रुपये कि पेनल्टी लगा दी गई है। इस पर उनकी मध्यस्थता में मंत्री और उच्च अधिकारियों के साथ बैठक में लगाई गई सभी लगाई पेनल्टी को माफ कर दिया गया था। टेरिफ में हॉस्टल को कॉमर्शियल माना गया था। ऐसे में जिन हॉस्टल में कमरों की सख्या 5 सें अधिक है और छात्र रहते हैं। उन्हें ही कामर्शियल मानेंगे।
जनहितों पर नहीं होने देंगे कुठाराघात: बिरला
कोटा. सांसद ओम बिरला ने निजी बिजली कंपनी केईडीएल को स्मार्ट मीटर लगाने और पांच कमरों से ज्यादा हॉस्टल से व्यावसायिक बिल वसूलने पर तत्काल रोक लगाने को कहा है। सांसद ने कहा कि इसके बाद भी कंपनी की मनमानी न रुकी तो प्रदेश सरकार से वार्ता करने से लेकर सड़कों पर उतरकर विरोध करेंगे। सांसद ओम बिरला ने कहा कि बीते दिनों केईडीएल के सीओओ और अन्य वरिष्ठ अधिकारियों के साथ जिला परिषद सभागार में बैठक कर स्मार्ट मीटर लगाने का काम तत्काल रोकने को कहा था। जब से कंपनी ने नए मीटर लगाए हैं लोगों के बिजली बिलों में दोगुने तक का इजाफा हो गया है। कंपनी ने कुछ जगह स्मार्ट मीटर लगाए तो भाजपा ने विरोध किया। इसके बाद भी कंपनी मनमानी करेगी तो सड़क पर उतरेंगे। सरकार से की वार्ता सांसद ने बताया कि उन्होंने पांच कमरों से ज्यादा के हॉस्टलों से कॉमर्शियल बिल वसूलने का मामला प्रदेश सरकार के समक्ष उठाते हुए इस आदेश को तत्काल रद्द करने की मांग की है। इस बाबत जल्द ही फैसला हो जाएगा। जनता के हितों के साथ कुठाराघात किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
कलक्टर को दिखाए बिजली बिल, बोले कुछ करो
कोटा. स्मार्ट मीटर लगाने में जुटी निजी बिजली कंपनी केईडीएल का विरोध दिनों-दिन बढ़ता जा रहा है। एक ओर जहां शहर के कई सामाजिक, राजनीतिक और व्यापारिक संगठनों के प्रतिनिधियों ने बिजली कंपनी की मनमानी रोकने के लिए जिला कलक्टर को ज्ञापन सौंपा, वहीं दूसरी ओर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने केईडीएल कार्यालय पर प्रदर्शन किया।
पुराने मीटर बदलकर स्मार्ट मीटर लगाने में जुटी केईडीएल के खिलाफ कई संगठन लामबंद हो गए। दो दर्जन से ज्यादा संगठनों के संयुक्त प्रतिनिधिमंडल ने गुरुवार को जिला कलक्टर गौरव गोयल से मुलाकात कर निजी बिजली कंपनी की मनमानियों की शिकायत की। प्रतिनिधिमंडल में शामिल व्यापार महासंघ के अध्यक्ष क्रांति जैन, महासचिव अशोक माहेश्वरी और भाजपा पार्षद गोपाल राम मंडा ने कलक्टर को बिजली के कई बिल दिखाए। इनमें स्मार्ट मीटर लगने के बाद कई गुना ज्यादा बिल भेजा गया था। उन्होंने स्मार्ट मीटर लगाने का काम तत्काल रोकने के निर्देश देने की मांग की। शहर जिला कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष रविन्द्र त्यागी ने जिला कलक्टर को बताया कि विद्युत विभाग ने पूरे प्रदेश के लिए अलग और कोटा के लिए अलग नियम बना रखा है। यही वजह है कि सिर्फ कोटा में ही 5 कमरों से ज्यादा के घरों में किराएदार रखने पर कॉमर्शियल बिल वसूला जा रहा है, जबकि यह नियम प्रदेश के दूसरे किसी भी शहर में लागू नहीं है। इसे तत्काल खत्म कराया जाए। प्रतिनिधिमंडल की शिकायतें सुनने के बाद जिला कलक्टर ने उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया।
बिजली कंपनी के कार्यालय पर प्रदर्शन
स्मार्ट मीटर हटाओ, केईडीएल भगाओ अभियान चला रहे कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने गुमानपुरा स्थिति केईडीएल कार्यालय के बाहर प्रदर्शन किया। कार्यकर्ताओं ने निजी बिजली कंपनी के अधिकारियों को स्मार्ट मीटर लगाने का काम तत्काल बंद करने और पहले से लगाए जा चुके स्मार्ट मीटरों को हटाए जाने की मांग की। प्रदर्शन के संयोजक कुंदन चीता ने बताया कि जब तक केईडीएल स्मार्ट मीटर लगाने बंद नहीं करेगी, उसके खिलाफ प्रदर्शन जारी रहेगा।
Published on:
03 Aug 2018 06:05 pm

बड़ी खबरें
View Allकोटा
राजस्थान न्यूज़
ट्रेंडिंग
