
नदी पार कर रहे युवक को जिंदा निगल गया मगरमच्छ
रावतभाटा. उपखण्ड के जावदा क्षेत्र में चंबल की सहायक नदी गुंजाली में मगरमच्छ ने एक युवक को अपना निवाला बना लिया। 24 घंटे बाद मृतक का धड़ के ऊपर का आधा शव मिल गया। रेस्क्यू के लिए कोटा नगर निगम की टीम बुलाई गई। टीम के पहुंचने से पहले ही स्थानीय लोगों ने शव तलाश लिया।
जावदा बालागंज निवासी प्रकाश (20) पुत्र प्रेमराज भील बुधवार शाम चार बजे नदी पार कर खेत पर जा रहा था। उसके साथ उसका साथी भी था। बीच नदी में मगरमच्छ ने हमला कर उसे निगल लिया। साथी ने शोर मचाया तो नदी पार खेत पर कार्य कर रहे लोग दौड़े आए। नदी में पत्थर फेंके लेकिन मगरमच्छ का पता नहीं चला। लोगों ने सरपंच और पुलिस को सूचना देकर अपने स्तर पर उसकी तलाश शुरू की। परिजन भी मौके पर पहुंच गए। अंधेरा होने के बावजूद रात एक बजे तक तलाश जारी रही। गुरुवार सुबह दोबारा तलाश शुरू की गई। नाव और मछली ठेकेदार की बोट मंगवाई गई। इस दौरान जावदा पुलिस भी मौके पर मौजूद रही। सूचना पर रावतभाटा तहसीलदार भी पहुंचे। तलाशी अभियान के दौरान नदी में टिफिन और कपड़े मिल गए। दोपहर बाद कोटा नगर निगम की रेस्क्यू टीम को बुलाया। लेकिन टीम के पहुंचने से पहले ही शाम 4 बजे नदी किनारे युवक का शव मिल गया। शव क्षत-विक्षत हालात में था। मगरमच्छ युवक के शरीर का निचला हिस्सा चबा गया। मृतक प्रकाश अविवाहित था। वह बालागंज में माता-पिता और दो बड़े भाइयों के साथ रहता था। पुलिस ने मौके पर पोस्टमार्टम करा शव परिजन को सौंप दिया।
Published on:
15 Jun 2023 06:12 pm
बड़ी खबरें
View Allकोटा
राजस्थान न्यूज़
ट्रेंडिंग
