
-किसानों को अब मिलेगा 50 फीसदी तक अनुदान
-अश्विनी गौतम
बारां. किसानों की आय बढ़ाने और बागवानी को बढ़ावा देने के उद्देश्य से उद्यान विभाग ने इस वर्ष से फूलों के बगीचों की स्थापना को भी अनुदान योजना में शामिल किया है। अब तक फलों के बगीचों पर अनुदान दिया जाता था, लेकिन पहली बार देसी गुलाब, गुलदाऊदी, गेलार्डिया सहित अन्य फूलों की व्यावसायिक खेती करने वाले किसानों को भी योजना का लाभ मिलेगा। योजना के तहत बारां जिले को 9 हेक्टेयर का लक्ष्य मिला है। किसान अधिकतम 2 हेक्टेयर क्षेत्र में नए फूलों के बगीचे स्थापित कर सकेंगे। प्रति हेक्टेयर अनुमानित लागत 20 हजार रुपए निर्धारित की गई है। इस पर लागत का 40 प्रतिशत या अधिकतम 20 हजार रुपए प्रति हेक्टेयर तक अनुदान दिया जाएगा। अनुसूचित क्षेत्रों के पात्र किसानों को अधिकतम 50 प्रतिशत तक अनुदान का प्रावधान रखा गया है।
तकनीकी जानकारी भी देगा उद्यान विभाग
उद्यान विभाग चयनित किसानों को फूलों की खेती की आधुनिक तकनिक,शस्य क्रियाएं, रखरखाव, विपणन और उपयोग से संबंधित तकनीकी साहित्य भी उपलब्ध करवाएगा। विभागीय अनुशंसा के अनुसार पौध सामग्री राजहंस नर्सरियों सेंटर ऑफ एक्सीलेंस कृषि विश्विद्यालय,कृषि महा विद्यालय,कृषि अनुसंधान केंद्र, कृषि विज्ञान केंद,राजस्थान ऑलिव कल्टीवेशन लिमिटेड तथा अन्य मान्यता प्राप्त सरकारी एवं निजी नर्सरियों से प्राप्त की जा सकेगी। किसान स्वयं भी पौध सामग्री खरीदकर नियमानुसार अनुदान प्राप्त कर सकेंगे।
मिट्टी और पानी की जांच आवश्यक
योजना के तहत खेत की मिट्टी और पानी की जांच के आधार पर उर्वरकों के उपयोग की सलाह दी जाएगी। खाद,उर्वरक और पौध संरक्षण सामग्री विभागीय निर्देशानुसार उपलब्ध कराई जाएगी। बगीचे का भौतिक सत्यापन सम्बन्धित सहायक कृषि अधिकारी या कृषि पर्यवेक्षक करेंगे,जिसके बाद अनुदान राशि का भुगतान किया जाएगा।
उद्यान विभाग ने इस वर्ष से फूलों की खेती को भी अनुदान योजना में शामिल किया है। बारां जिले को 9 हेक्टेयर का लक्ष्य मिला है। पात्र किसान योजना का लाभ लेकर व्यावसायिक स्तर पर फूलों की खेती शुरू कर सकते हैं, जिससे उनकी आय बढ़ने में मदद मिलेगी
पुष्पेंद खींची उप निदेशक उद्यान विभाग बारां
आधुनिक तकनिकी मिलेगा मार्गदर्शन
Updated on:
08 Aug 2026 06:00 am
Published on:
08 Aug 2026 06:00 am
