5 फ़रवरी 2026,

गुरुवार

Patrika Logo
Switch to English
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

सोयाबीन फसल तबाह होने से किसान की सदमे से मौत, अब तक तीन की मौत

पुलिस की मौजूदगी में मुक्तिधाम पर ही करवाया पोस्टमार्टम

2 min read
Google source verification
सोयाबीन फसल तबाह होने से  किसान की सदमे से मौत, अब तक तीन की मौत

सोयाबीन फसल तबाह होने से किसान की सदमे से मौत, अब तक तीन की मौत

मोईकलां (कोटा). हाड़ौती में अतिवृष्टि से फसलों में भारी खराबा हुआ है। खराबे के कारण किसान सदमे में हैं। कोटा जिले के लटूरा गांव निवासी एक किसान की अतिवृष्टि से नष्ट हुई सोयाबीन की फसल को देखकर सदमे से मौत हो गई। हाड़ौती में अतिवृष्टि से खराबे के बाद अब तक तीन किसानों की मौत हो चुकी है।

लटूरा गांव निवासी किसान महेन्द्र नागर बुधवार शाम को खेत पर सोयाबीन की फसल देखने गया था। भारी बारिश से जल भराव से पूरी तरह नष्ट हुई फसल को देखते ही वह जमीन पर गिर गया। परिजन व गांव के लोग किसान को बपावर चिकित्सालय ले गए। जहां से उसे बारां रैफर कर दिया। बारां जिला चिकित्सालय में चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। किसान का शव बारां से लटूरा आते ही घर में कोहराम मच गया। किसान की मौत होने से घर पर महिलाओं की तबीयत बिगड़ने लगी तो स्थिति को संभालते हुए शव को मुक्तिधाम ले जाया गया। किसान की मौत की सूचना मिलते ही बपावर व मोईकलां पुलिस मौके पर पहुंची। गांव के सभी किसान इस बात पर अड़ रहे कि किसान का पोस्टमार्टम मुक्तिधाम पर ही कराया जाए। इसी बीच पूर्व विधायक हीरालाल नागर, जिला परिषद सदस्य लाला किशनचन्द गुप्ता, उप प्रधान ओम नागर अडूसा, लटूरी सरपंच मनीष धाकड़, किसान मोर्चा मण्डल अध्यक्ष फूलचन्द नागर, भाजपा मण्डल अध्यक्ष कृष्णमुरारी यादव, बपावर मण्डल उपाध्यक्ष ओम गोचर भी मुक्तिधाम पहुंच गए। पूर्व विधायक नागर ने जिला कलक्टर ओपी बुनकर से बात की। मौके पर पहुंचे डॉ. मथुरेश गुप्ता, डाॅ. निखिल गुप्ता व डाॅ. असगर अली ने पोस्टमार्टम किया। इससे पहले सांगोद उपखण्ड अधिकारी अभिषेक चारण, पुलिस उपाधीक्षक रामेश्वर परिहार, उप तहसीलदार जगदीश शर्मा, पटवारी भुवनेश गौतम ने मौके पर परिजन को ढाढस बंधाया।

नहीं जला किसी के घर चूल्हा

किसान महेन्द्र की मौत पर गुरुवार सुबह गांव में किसी के घर चूल्हा नहीं जला। पिछले 20 वर्ष से मृतक किसान हर माह चौथ के दिन चौथ का बरवाड़ा माता के दर्शन करने जाता था। यह भी संयोग ही रहा कि उसका अंतिम संस्कार भी चौथ के दिन ही हुआ। किसान बुधवार को भी खेत से आने के बाद चौथ का बरवाड़ा जाने की तैयारी में ही था।

उपखण्ड अधिकारी को सौंपा ज्ञापन

लटूरा गांव के मुक्तिधाम पर ही लबानिया गांव निवासी दयाराम गुर्जर ने उपखण्ड अधिकारी अभिषेक चारण को ज्ञापन सौंपा। जिसमें बताया कि 11 अक्टूबर को उसका भाई राजाराम खेत पर फसल देखने गया था। फसल की स्थिति देखते ही वह अचेत होकर नीचे गिर गया। जिसे उपचार के लिए बारां ले जाया गया। जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। ज्ञापन के माध्यम से मृतक के भाई दयाराम ने पीडि़त परिवार को सहायता राशि दिलवाने की आग्रह किया है।