
जेईई-मेन-2022 का पहला चरण कल से, परीक्षा से दो दिन पहले प्रवेश पत्र जारी
कोटा. देश की सबसे बड़ी इंजीनियरिंग प्रवेश परीक्षा जेईई-मेन का पहला चरण 23 से 29 जून के मध्य आयोजित किया जाएगा। यह परीक्षा देश के 501 व विदेश के 22 परीक्षा शहरों में होगी। इस परीक्षा के प्रवेश पत्र जारी कर दिए गए है। पहले दिन 23 जून को बी-आर्क व 24 से 29 जून के मध्य बीई-बीटेक परीक्षा होगी। कोटा में इस परीक्षा के लिए चार परीक्षा केंद्र बनाए गए है। इसमें गुरुकुल इंस्टीट्यूट ऑफ़ टेक्नोलॉजी रानपुर में दो परीक्षा केंद्र,बाल कृष्ण इंस्टीट्यूट ऑफ़ टेक्नोलॉजी रानपुर, वेदांत कॉलेज ऑफ़ इंजीनियरिंग एंड टेक्नोलॉजी जखमुंड बूंदी शामिल है।
-12 शिफ्टों में बीई-बीटेक परीक्षा, बी-आर्क 2 शिफ्टों में
कॅरियर काउंसलिंग एक्सपर्ट अमित आहूजा ने बताया कि बीई-बीटेक परीक्षा 12 शिफ्टों में 24 से 29 जून के मध्य होगी। पहली बार पहले चरण में इतनी शिफ्टों में बीई-बीटेक परीक्षा होने जा रही है। क्योंकि गत वर्षों तक बीई-बीटेक के लिए अधिकतम 10 शिफ्टों में ही परीक्षा हुई है। विद्यार्थी जेईई-मेन वेबसाइट पर अपना
एप्लीकेशन नम्बर व जन्मतिथि से प्रवेश पत्र डाउनलोड कर सकते हैं।
विद्यार्थियों के लिए सुझाव
विद्यार्थियों को एडमिट कार्ड पर दिए गए स्वयं के रिपोर्टिंग टाइम पर रिपोर्ट करना है। परीक्षा शुरू होने से आधा घंटे पहले प्रवेश बंद कर दिए जाएंगे। विद्यार्थियों को प्रवेश पत्र में दिए गए बार कोड रीडर के माध्यम से लैब आवंटित की जाएगी। विद्यार्थियों को थ्री-लेयर मास्क दिया जाएगा। प्रवेश पत्र में सेल्फ डिक्लेरेशन प्रारूप में विद्यार्थी को बाएं हाथ का अंगूठा का निशान व स्वयं की फोटो लगाकर ले जाना होगा। विद्यार्थी को इस प्रारूप में स्वयं के हस्ताक्षर, परीक्षा केन्द्र में परीक्षक के सामने ही करने होंगे। विद्यार्थी अपने साथ आधार कार्ड या कोई आइडी प्रूफ सेल्फ डिक्लेरेशन भरा हुआ प्रवेश पत्र, पारदर्शी पेन, स्वयं का फोटो, सैनेटाइजर व पानी की पारदर्शी बोतल साथ में लाने होंगे। विद्यार्थियों को कोई भी इलेक्ट्रोनिक गैजेट साथ लाने की अनुमति नहीं होगी। मोटे सोल के जूते व बड़े बटन वाले वस्त्रों की भी अनुमति नहीं होगी। विद्यार्थियों को परीक्षा केन्द्र पर रफ कार्य के लिए 6 रफ शीट उपलब्ध करवाई जाएगी। शारीरिक विकलांग स्टूडेंट्स को परीक्षा के लिए एक घंटे अतिरिक्त दिया जाएगा। साथ ही इन्हे स्क्राइब एंटीए की ओर से दिया जाएगा।
- आधार नहीं होने पर देना होगा डिक्लरेशन
इस वर्ष प्रथम बार जेईई-मेन आवेदन को आधार से लिंक किया गया था। जिससे वे स्टूडेंट्स जिनका नाम,जन्मतिथि व जेंडर आधार से आवेदन के दौरान वेरिफाई नहीं हुए थे। उन्हें प्रवेश पत्र के दिए गए अंडरटेकिंग को भरकर साथ में ले जाना होगा। उन्हें ये अंडरटेकिंग परीक्षा के समय दिखाकर ही प्रवेश दिया जाएगा।
Published on:
21 Jun 2022 06:01 pm
बड़ी खबरें
View Allकोटा
राजस्थान न्यूज़
ट्रेंडिंग
