
निर्भीक होकर मतदान कराएं
कोटा. चुनाव से जुड़ी व्यवस्थाओं की समीक्षा करने और तैयारियों का जायजा लेने के लिए सोमवार को जिला निर्वाचन अधिकारी और निर्वाचन विभाग के ओएसडी ने सभी प्रकोष्ठों के प्रभारियों की बैठक ली।
जिला निर्वाचन अधिकारी गौरव गोयल ने कहा कि सभी अधिकारी निर्वाचन संबंधी तैयारियों को आयोग के निर्देशों के अनुरूप समय पर पूरा करें। चुनाव प्रक्रिया को इस प्रकार किया जाए कि पारदर्शिता एवं निष्पक्षता आम मतदाताओं को दिखाई भी दे। उन्होंने चुनाव तैयारियों में टीम भावना के साथ कार्य करने के निर्देश देते हुये प्रत्येक मतदान केन्द्र का निरीक्षण करने एवं मतदाताओं को निर्भीक होकर मतदान करने के लिए प्रेरित करने के निर्देश दिए।
उन्होंने सभी सेक्टर अधिकारियों को सभी मतदान केंद्रों का निरीक्षण करने, मतदान केंद्रवार उत्तरदायी व्यक्ति से संवाद रखने, क्षेत्र में तैनात उडऩ दस्ता, विडियो सर्विलांस दल को सक्रिय रखने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सभी रिर्टनिंग अधिकारी अतिसंवेदनशील मतदान केंद्रों पर चौपाल लगाकर वहां आम मतदाताओं को निर्भीक होकर मतदान करने के लिए प्रेरित करें। अर्धसैनिक बलों के साथ फ्लैग मार्च कर असामाजिक तत्वों के खिलाफ कार्यवाही अमल में लाएं।
प्रशिक्षण पर दिया जोर
निर्वाचन विभाग के ओएसडी हरिशंकर गोयल ने कहा कि संवेदनशील एवं अतिसंवेदनशील मतदान केंद्रों को चिन्हित कर उसी के मुताबिक सुरक्षा व्यवस्था तय करने के निर्देश दिए ताकि आम मतदाता पूरी तरह निर्भीक होकर मतदान कर सकें। उन्होंने चुनाव में लगे कार्मिकों के प्रशिक्षण पर जोर देते हुए कहा कि यह काम पूरी दक्षता के साथ कराया जाए।
होर्डिंग्स और गेंट्री साइट आवंटित
अब मतदाता सूचियों से नाम नहीं काटे जा सकेंगे, नाम जोडऩे का कार्य जारी
जिला निर्वाचन अधिकारी गौरव गोयल की अध्यक्षता में सोमवार को राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों की बैठक हुई। इसमें होर्डिंग साइट्स एवं गेंट्रियों का राजनीतिक दलों को अनुपातिक रूप से आवंटन किया गया। प्रत्याशी और राजनीतिक दल प्रचार-प्रसार के लिए संबंधित एजेंसी को भुगतान कर इनका इस्तेमाल कर सकेंगे।
जिला निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि अब मतदाता सूची से किसी भी मतदाता का नाम नहीं काटा जाएगा। 9 नवम्बर तक मतदाता सूची में नाम जुड़वाने के लिए आवेदन दिए जा सकेंगे। इस दौरान राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों ने मतदान केंद्रों पर प्रर्याप्त रोशनी की व्यवस्था करने एवं बुजुर्ग मतदाताओं के लिए भी सुविधाएं विकसित करने का सुझाव दिया। बैठक में उप जिला निर्वाचन अधिकारी वासुदेव मालावत, शहर कांग्रेस अध्यक्ष रविन्द्र त्यागी और भाजपा महामंत्री अमित शर्मा आदि मौजूद रहे।
Published on:
16 Oct 2018 05:47 pm
