
कोटा। माहेश्वरी समाज ने महेश नवमी महोत्सव हर्षोल्लास के साथ मनाया। इस मौके पर सुबह मंदिरों में भगवान महेश का अभिषेक किया गया। इसके बाद बैण्ड बाजे व झांकियों के साथ शोभायात्रा निकाली गई।
शोभायात्रा घोड़ेवाला चौराहा स्थित टीलेश्वर महादेव मंदिर से शुरू हुई। इसमें बड़ी संख्या में समाज के लोग शामिल हुए। भक्तगण भगवान शिव की भक्ति में लीन थे। 'मुझे लगी श्याम संग प्रीत दुनिया क्या जाने...., शिव शंकर को जिसने पूजा...सरीखे भजनों पर नृत्य करते चल रहे थे।
शोभायात्रा में भगवान शिव की मनमोहक झांकी लोगों को श्रद्धाभाव से ओतप्रोत कर रही थी। कई श्रद्धालु गले में शिव नाम का दुपट्टा डाले विशेष परिधान में सजे धजे थे। शोभायात्रा में महिलाएं भी रंग-बिरंगे परिधान में शामिल हुई।
टीलेश्वर महादेव मंदिर से शोभायात्रा शुरू होकर फर्नीचर मार्केट, घोड़ावाला चौराहा व प्रमुख मार्गों से होते हुए पुन: टीलेश्वर महादेव मंदिर पहुंची, जहां आरती के बाद प्रसाद वितरण किया गया। आयोजन स्थल भगवान महेश के जयकारों से गुंजायमान रहा।
इससे पहले टीलेश्वर महादेव मंदिर से सांसद ओम बिरला ने विधायक संदीप शर्मा, माहेश्वरी समाज के अध्यक्ष राजेश बिरला, श्रीकृष्ण बिरला, मंत्री बि_लदास मूंदड़ा, सहमंत्री घनश्याम मूंदड़ा व अन्य पदाधिकारियों की मौजूदगी मंे शोभायात्रा को रवाना किया।
मंत्रों के साथ अभिषेक
अलसुबह दादाबाड़ी स्थित सनातन धर्म मंदिर में माहेश्वरी प्रगति मंडल दादाबाड़ी तथा माहेश्वरी पंचायत की ओर से सती चबूतरा स्थित चारभुजाजी मंदिर में भगवान महेश का अभिषेक किया गया। मंदिरों में शिव की महिमा का गुणगान हुआ।
बड़ी खबरें
View Allट्रेंडिंग
