कोटा

समस्या लेकर पहुंचे ग्रामीणों को मंत्री मदन दिलावर ने दिया अनूठा ऑफर, निजी स्कूल संचालक को लगाई फटकार

Jan Samasya Samadhan Camp: दिलावर ने शिविर में पौधारोपण करने के लिए अनूठे तरीके से प्रेरित किया। ग्राम खेड़ली से आए कुछ लोगों ने महादेव मंदिर खेड़ली परिसर में पानी की व्यवस्था करने और मंदिर तक इंटरलॉकिंग कराने की मांग की।

2 min read
Jun 24, 2025
जनसुनवाई में समस्याएं सुनते शिक्षा मंत्री मदन दिलावर (फोटो: पत्रिका)

Education and Panchayati Raj Minister Madan Dilawar: शिक्षा एवं पंचायती राज मंत्री मदन दिलावर ने सोमवार को सरकार आपके द्वारा जन समस्या समाधान शिविर घाटोली पंचायत मुख्यालय पर सेवालाल निवासी घाटोली को खसरा नंबर 97 का आवासीय पट्टा तत्काल बनवाकर दिलवाया। शिविर में कुल 80 आवेदन प्राप्त हुए।

दिलावर ने शिविर में पौधारोपण करने के लिए अनूठे तरीके से प्रेरित किया। ग्राम खेड़ली से आए कुछ लोगों ने महादेव मंदिर खेड़ली परिसर में पानी की व्यवस्था करने और मंदिर तक इंटरलॉकिंग कराने की मांग की। शिक्षा मंत्री ने कहा कि अभी बारिश शुरू हो गई है। आप मंदिर परिसर और गांव के चारागाह भूमि पर 500 पौधे लगाते हैं और 6 माह तक उनकी देखरेख करते हैं तो आपके मंदिर परिसर में टयूबवैल लगवा दी जाएगी और पौधे जब एक साल के हो जाएंगे तो उनकी चारदीवारी और इंटरलॉकिंग के लिए 5 लाख रुपए दिए जाएंगे।

ग्रामवासियों ने 500 पौधे लगाने और उनकी देखभाल करने की जिम्मेदारी स्वीकार की। शिविर में बोरडी के लोगों ने सामुदायिक भवन बनाने की मांग की। शिक्षा मंत्री ने विधायक कोष से 10 लाख रुपए बोरडी में सामुदायिक भवन निर्माण के लिए देने की स्वीकृति प्रदान की। साथ ही, घाटोली में सामुदायिक भवन बनाने के लिए दिलावर ने 20 लाख रुपए स्वीकृत किए। ग्राम दूधियाखेड़ी में 10 लाख और बशपुरा में 5 लाख रुपए की लागत से सामुदायिक भवन का निर्माण किया जाएगा। उन्होंने सांड्याखेड़ी गांव में नाली निर्माण और इंटरलॉकिंग के लिए विधायक कोष से 5 लाख रुपए स्वीकृत किए।

फीस लौटाने के दिए निर्देश

शिक्षा मंत्री को जनसुनवाई के दौरान परिवादी मुकेश कुमार ने शिकायत की कि उसके बेटे रणवीर का प्रवेश कक्षा छठी में रावतभाटा में निजी स्कूल में करवाया था। एडमिशन के समय 56 हजार 800 रुपए फीस जमा करवाई थी। इस बीच उनका ट्रांसफर रावतभाटा से रामगंजमंडी हो गया और परिवार भी साथ लाना पड़ा। उन्होंने बच्चे की जमा करवाई गई फीस वापस मांगी तो स्कूल संचालक ने फीस वापस देने से मना कर दिया। शिक्षा मंत्री ने मौके पर ही स्कूल संचालक को फोन कर फरियादी की फीस लौटाने के निर्देश दिए।

Also Read
View All

अगली खबर