समिति अध्यक्ष एडवोकेट रविन्द्र विजय की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में प्रेमनगर निवासी 70 वर्षीय बुजुर्ग मथुरालाल ने बताया कि उनका मकान राजूलाल व फूलचंद ने 15 लाख रुपए में खरीदा था। इसकी एवज में उन्हें 3 लाख रुपए एडवांस देने थे, लेकिन दोनों ने रुपए तो दिए नहीं, बल्कि मकान पर कब्जा कर लिया। उद्योग नगर थाने में इसकी शिकायत देने के बाद भी पुलिस ने कोई कार्रवाई नहीं की। इस पर समिति ने एसपी और संबंधित थानाधिकारी को दोनों के खिलाफ तुरंत कार्रवाई करने को कहा। इसी तरह मंडाना निवासी बद्रीलाल पांचाल ने बताया कि पुलिस लाइन में तैनात सिपाही सुरेशचंद व नेमीचंद उनकी 15 बीघा जमीन को जबरन हांक रहे हैं, कब्जा करने का प्रयास कर रहे हैं। दोनों पुलिसकर्मी उन्हें परेशान करते हैं। मंडाना थाने में शिकायत के बाद भी कोई कार्रवाई नहीं की जा रही। इस पर समिति ने ग्रामीण एसपी व मंडाना एसएचओ को निर्देश दिए कि दोनों को पाबंद किया जाए कि वे ऐसा नहीं करें। समिति में सदस्य सचिव एएसपी मुख्यालय उमेश ओझा, सदस्य योगेन्द्र खींची, डॉ. प्राची दीक्षित व बालमुकुन्द वर्मा मौजूद रहे।