कोटा . नीदरलैंड में 14 वें अन्तरराष्ट्रीय जूनियर साइंस ओलम्पियाड में 6 पदक हासिल कर देश को तीसरा स्थान दिलाने वाले विद्यार्थी गुरुवार को कोटा पहुंचे। यहां पहुंचने पर इन विद्यार्थियों का जोरदार स्वागत किया गया। शिक्षक और साथी छात्र इन्हें रेलवे स्टेशन से रैली के रूप में लाए। यहां पहुंचने पर बच्चों ने बताया कि भारत को दुनिया बेहद सम्मान से देखती है, उन्हें भी दिल छू लेने वाला सम्मान मिला। कैसा रहा विदेशी सफर, क्या कुछ महसूस किया और देखा विदेशी धरती पर, कैसा नजरिया है भारत के प्रति दुनिया में, इन बच्चों ने जैसा महसूस किया, साझा किया राजस्थान पत्रिका से। जीते थे 4 गोल्ड 2 सिल्वर-ओलम्पियाड में 4 विद्यार्थियों ने गोल्ड व 2 विद्यार्थियों ने सिल्वर मेडल हासिल किए। इसमें मुदिता गोयल, अखिल जैन, शुभर्नो नाथ रॉय, कुणाल सामंथा ने गोल्ड, नियति मेहता व आदर्शराज शाह ने सिल्वर मेडल जीता।