
प्रभावी पुलिसिंग और अपराधियों पर जीरो टॉलरेंस के निर्देश
बूंदी. तालेड़ा. पुलिस महानिदेशक राजीव कुमार शर्मा आईपीएस ने सोमवार रात को तालेड़ा थाने का भ्रमण कर पुलिस अधिकारियों एवं जवानों से संवाद किया। इस दौरान उन्होंने पुलिस मेस में जवानों के साथ रात्रि भोज किया तथा अधिकारियों के साथ अपराध गोष्ठी आयोजित कर कानून-व्यवस्था एवं अपराध नियंत्रण की स्थिति की समीक्षा की।
पुलिस अधीक्षक बूंदी अवनीश कुमार शर्मा ने बताया कि पुलिस महानिदेशक के तालेड़ा थाना पहुंचने पर पुलिस अधिकारियों एवं जवानों ने उनका स्वागत किया। महानिदेशक ने पुलिसकर्मियों से संवाद करते हुए उनकी ड्यूटी, कार्यप्रणाली और पुलिसिंग के दौरान आने वाली चुनौतियों की जानकारी ली। इस दौरान पुलिस महानिरीक्षक कोटा रेंज हरेंद्र महावर एवं उप महानिरीक्षक पुलिस मुख्यालय जयपुर कुंवर राष्ट्रदीप भी मौजूद रहे।
जवानों के साथ किया रात्रि भोज
महानिदेशक ने थाना परिसर स्थित पुलिस मेस में पुलिस जवानों के साथ बैठकर खाना खाया। उन्होंने जवानों से संवाद करते हुए कर्तव्य के प्रति पूर्ण निष्ठा, अनुशासन एवं टीम भावना के साथ कार्य करने का आह्वान किया।
अपराध नियंत्रण पर जोर
इसके बाद महानिदेशक ने जिले के अतिरिक्त पुलिस अधीक्षकों, वृताधिकारियों एवं थानाधिकारियों के साथ अपराध गोष्ठी की। इसमें कानून-व्यवस्था, अपराधों की स्थिति, लंबित प्रकरणों, अपराध नियंत्रण तथा पुलिसिंग को अधिक प्रभावी एवं जनोन्मुखी बनाने को लेकर विस्तृत चर्चा हुई।उन्होंने नवीन आपराधिक कानूनों के प्रावधानों के अनुरूप प्रभावी पुलिसिंग सुनिश्चित करने तथा गंभीर एवं संगठित अपराधों के विरुद्ध त्वरित और कठोर कानूनी कार्रवाई के निर्देश दिए। अपराधियों के विरुद्ध जीरो टॉलरेंस की नीति अपनाते हुए प्रभावी कार्रवाई करने तथा लंबित मामलों की नियमित समीक्षा कर गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध अनुसंधान सुनिश्चित करने पर जोर दिया।
शिकायतों पर त्वरित कार्रवाई करें
महानिदेशक ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि थाने पर आने वाले प्रत्येक परिवादी की शिकायत को गंभीरता और संवेदनशीलता से सुना जाए तथा नियमानुसार त्वरित कार्रवाई की जाए। महिला एवं बाल अपराध, साइबर अपराध, संपत्ति संबंधी अपराध सहित अन्य आपराधिक गतिविधियों की रोकथाम के लिए सतर्कता बढ़ाने के निर्देश भी दिए।
उन्होंने पुलिस गश्त एवं निगरानी व्यवस्था मजबूत करने, अपराध संभावित क्षेत्रों पर विशेष नजर रखने तथा स्थानीय सूचना तंत्र को प्रभावी बनाने पर जोर दिया। साथ ही नए सीएलजी सदस्यों को अधिक से अधिक जोड़कर पुलिस एवं आमजन के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने के निर्देश दिए।
जनविश्वास को मजबूत करें
महानिदेशक ने कहा कि पुलिस का प्रमुख दायित्व आमजन को सुरक्षित एवं भयमुक्त वातावरण उपलब्ध कराना, अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण रखना और कानून का राज स्थापित करना है। उन्होंने अधिकारियों एवं जवानों से टीम भावना के साथ कार्य करते हुए पुलिस की सकारात्मक, संवेदनशील एवं भरोसेमंद छवि को और मजबूत करने का आह्वान किया। तकनीक एवं आधुनिक पुलिसिंग के साथ पारंपरिक पुलिसिंग और मजबूत सूचना तंत्र को भी सुदृढ़ करने के निर्देश दिए।
इस अवसर पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक संजय सिंह चम्पावत, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक महिला अपराध अनुसंधान सेल जसवीर सिंह, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक त्वरित अनुसंधान सेल अदिति चौधरी सहित जिले के समस्त वृताधिकारी, थानाधिकारी एवं पुलिस जवान उपस्थित रहे।
Updated on:
19 Aug 2026 06:00 am
Published on:
19 Aug 2026 06:00 am
