
कोटा. लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने कहा कि समाज में परिवर्तन लाने की जिम्मेदारी सामाजिक कार्यकर्ताओं की है। जिस तरह वे अपने परिवार का ध्यान रखते हैं, उसी तरह वे अभावग्रस्तों की भी सेवा करें। प्रत्येक जरूरतमंद की बेहतर शिक्षा और उपचार का दायित्व हम सामूहिक रूप से निभाएं। बिरला ने कहा, जहां भी कोई आपसे मदद का आग्रह करें तो नर सेवा ही नारायण सेवा का जीवन का मंत्र मानते हुए उसकी यथा संभव सहायता करें। वे शनिवार को सांगोद में एलिम्को की ओर से आयोजित सामाजिक अधिकारिता शिविर को संबोधित कर रहे थे। शिविर में पूर्व में पंजीकृत 360 दिव्यांग व वरिष्ठजनों को करीबन 40 लाख रुपए के सहायक उपकरण भेंट किए गए।
चेहरे पर छा गई खुशी
सामाजिक अधिकारिता शिविर में एक सुखद दृश्य देखने को मिला। बरगू गांव निवासी मांगीलाल नायक दिव्यांग है। शिविर में वे मोटराइज्ड साइकिल की आस लेकर पहुंचे थे। उन्होंने अधिकारियों को अपना 80 प्रतिशत दिव्यांगता का प्रमाण पत्र दिखाया, परन्तु पंजीकरण नहीं होने के कारण उनका आग्रह स्वीकार नहीं किया गया तो वे निराशा हो एक ओर बैठ गए। तभी वहां से गुजर रहे स्पीकर बिरला की नजर उन पर गई। बिरला उनके पास ही बैठ गए और मामले को समझा। संयोग से एक दिव्यांग अपनी मोटराइज्ड साइकिल लेने शिविर में नहीं पहुंच सके। अधिकारियों से बात कर मांगीलाल का मौके पर ही पंजीकरण करवा उन्हें मोटराइज्ड साइकिल भेंट कर दी गई। इसके बाद उनके चेहरे पर जो खुशी देखते ही बन रही थी।
दिव्यांगों को आत्मनिर्भर बनाना है
कार्यक्रम में बिरला ने कहा कि समाज में दिव्यांगजनों के प्रति सकारात्मक बदलाव आ रहा है। दिव्यांगजन अपना जीवन स्वाभिमान से जी सकें, इसके लिए उन्हें स्वरोजगार से जोड़ना होगा। हमें उन्हें अपना लघु उद्योग स्थापित करने के लिए बैंक से ऋण, सस्ती दर पर कच्चा माल भी दिलवाएंगे। उसे मार्केटिंग में भी सहयोग प्रदान करेंगे।
किसानों के बच्चों को निशुल्क कोचिंग
लोकसभा अध्यक्ष ने कहा कि मेरा सपना है कि किसान का बेटा और बेटी आईएएस बने। हमारे गांवों में कई प्रतिभाएं हैं, जिन्हें तराशने की आवश्यकता है। होनहार विद्यार्थी आगे चलकर प्रशासनिक सेवा के माध्यम से समाज में नेतृत्व कर सके, इसके लिए कोटा में आईएएस की नि:शुल्क कोचिंग उपलब्ध कराएंगे।
कोटा से दिल्ली तक करवाएंगे उपचार
बिरला ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाओं को बेहतर बनाने के लिए काम कर रहे हैं। परन्तु यहां अनेक ऐसे लोग हैं जो धन के अभाव में उपचार नहीं करवा पा रहे हैं। हम ऐसे लोगों के इलाज की व्यवस्था करेंगे। उनका कोटा से दिल्ली तक जहां भी संभव हो जनसहयोग से निशुल्क उपचार करवाया जाएगा। कार्यक्रम में भाजपा नेता हीरालाल नागर ने कहा कि यह कोटा-बूंदी के नागरिकों का सौभाग्य है कि उन्हें लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला जैसा जनप्रतिनिधि मिला है, जो लोगों के जीवन को बेहतर बनाने के पूरी तरह प्रतिबद्ध है।
बिरला के आगमन का मनाया उत्सव
बिरला के सांगोद क्षेत्र के आगमन पर स्थानीय लोगों ने उत्सव मनाया। जैसे ही बिरला का कारवां सांगोद पहुंचा, अतिशबाजी की गई। कार्यक्रम स्थल तक बड़ी संख्या में बिरला के स्वागत में लोग उमड़ पड़े। जगह-जगह पुष्पवर्षा और स्वागत हुआ। कोटा से सांगोद जाते हुए भी कैथून, देवली मांझी सहित अन्य स्थानों पर बिरला का स्वागत किया गया। इस दौरान जिला प्रमुख मुकेश मेघवाल, सांगोद प्रधान जयवीर सिंह, उप प्रधान ओम नागर अडूसा, किसान मोर्चा के देहात जिलाध्यक्ष योगेंद्र नंदवाना सहित कई प्रतिनिधि मौजूद रहे।
Published on:
18 Jun 2022 11:16 pm
बड़ी खबरें
View Allकोटा
राजस्थान न्यूज़
ट्रेंडिंग
