
कोटा .
11 साल के बच्चे से लेकर 70 साल की उम्र तक के प्रतियोगियों ने चूनड़ी, मोठड़ा, लहरिया, राजपूती, मारवाड़ी, जोधपुरी, मेवाड़ी शैली के रंग-बिरंगे साफे बांधे। उन्हें मिले दो मिनट के समय में बेहतर बांधने का प्रयास किया। ऐसा माहौल बुधवार को दशहरा मेले में विजयश्री रंगमंच पर आयोजित साफा बांधो में था। इसमें 19 प्रतिभागियों ने भाग लिया। तय समय में साफा बांधने वाले पांच जनों का चयन किया।
जिनमें प्रथम स्थान पर 14 साल के आदित्य सिंह राजावत, दूसरे स्थान पर 11 साल के दुष्यंत सिंह हाड़ा और तीसरे स्थान पर महिपाल सिंह सोलंकी रहे। अन्य चयनित प्रतिभागियों में जगदीश टांक और भवानीसिंह सिसोदिया थे। विजेता रहे कक्षा नौ के विद्यार्थी आदित्य का कहना है कि अलग करने की चाहत में उन्होंने छोटी उम्र में ही साफा बांधना सीखा था। वहीं कक्षा छह स्टूडेंट दुष्यंत का कहना है कि वह तीसरी कक्षा यानि 9 साल की उम्र में साफा बांधना सीखा था।
पहली बार युवतियां भी हुई शामिल
मेले में होने वाली साफा बांधों प्रतियोगिता में पहली बार दो युवतिया वर्षा सिंह सोलंकी और किरण हाड़ा भी इस प्रतियोगिता में शामिल हुई। हालांकि किरण दो मिनट में साफा पूरा नहीं बांध सकी। नगर निगम ने कंसुआ धाम निवासी बीएससी सैकण्ड ईयर की स्टूडेंट वर्षा को सांत्वना पुरस्कार भी दिया। वर्षा का कहना है कि उनके भाई बलराम ने साफा बांधना सिखाया।
निर्णायक पार्षद नरेन्द्र हाड़ा, नरेन्द्र गौतम, बलराज गौड़़ ने साफे की सुन्दरता, सुगढ़ता, आकर्षणता, रंग तथा लम्बाई के आधार पर अंकों का विभाजन किया।
दशहरा मेले में वुशू का घमासान कल से
कोटा. राष्ट्रीय दशहरा मेले में पहली बार आयोजित होने वाली चम्बल टाइटल कप वुशू प्रतियोगिता का उद्घाटन गुरुवार को श्रीराम रंगमंच पर होगा। जिला वुशू एसोसिएशन के सचिव अशोक गोतम ने बताया कि उद्घाटन समारोह प्रात: 9.30 बजे होगा। मुख्य अतिथि सांसद ओम बिरला, अध्यक्षता विधायक संदीप शर्मा करेंगे। प्रतियोगिता में भाग लेने के लिए प्रदेश के विभिन्न जिलों की टीमें गुरुवार को ही कोटा पहुंच गई।
तीन दिन सेवन वंडर्स में नि:शुल्क प्रवेश
कोटा. एडवेंचर फेस्टिवल के आयोजन के दौरान 6 से 8 अक्टूबर तक सेवन वंडर्स पार्क में सुबह 9 से रात 10 बजे तक प्रवेश नि:शुल्क रहेगा। पहले दिन यहां सुबह 9 बजे गर्म हवा के गुब्बारे एवं पतंग उड़ाकर फेस्टिवल का आगाज किया जाएगा। इसी दिन राजस्थानी लोकनृत्य का प्रदर्शन शाम 7 से रात 9 बजे तक किया जाएगा। उन्होंने बताया कि 7 को शाम 7 से रात 9 बजे तक कोटा यूथ बैंड का प्रदर्शन किया जाएगा। 8 अक्टूबर को शाम 7 से रात 9 बजे तक राजस्थान रूट्स बैंड प्रदर्शन के बाद पुरस्कार वितरण एवं आतिशबाजी की जाएगी। एडवेंचर फेस्टिवल के सभी कार्यक्रम सेवन वंडर्स पार्क में ही होंगे।
Updated on:
4 Oct 2017, 10:20 PM IST
Published on:
4 Oct 2017, 10:16 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.