20 दिसंबर 2025,

शनिवार

Patrika LogoSwitch to English
home_icon

मेरी खबर

icon

प्लस

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

Govt Jobs: भजनलाल सरकार ने दे दी बड़ी खुशखबरी, नई भर्ती कलेंडर जारी, लाखों बेरोजगारों को मिलेगी सरकारी नौकरी

Upcoming Govt Jobs Update: नई भर्ती का पूरा कैलेंडर बना दिया है, जिसमें परीक्षा, रिजल्ट व नियुक्ति कब मिलेगी, इसकी पूरी जानकारी है। इस कैलेंडर में अनेक भर्तियों की 1.88 लाख सरकारी नौकरियां हैं।

4 min read
Google source verification

कोटा

image

Akshita Deora

Jul 08, 2025

CM Bhajanlal Sangod Visit: लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला और मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने सोमवार को सांगोद में सभा के दौरान 92 करोड़ से अधिक के विकास कार्यों की सौगात दी।

सीएम ने कहा कि उनकी सरकार में एक भी पेपर लीक नहीं हुआ। अभी तक 1 लाख युवाओं को रोजगार दिया है। नई भर्ती का पूरा कैलेंडर बना दिया है, जिसमें परीक्षा, रिजल्ट व नियुक्ति कब मिलेगी, इसकी पूरी जानकारी है। इस कैलेंडर में अनेक भर्तियों की 1.88 लाख सरकारी नौकरियां हैं। पांच साल में चार लाख युवाओं को सरकारी नौकरी देंगे। मुख्यमंत्री ने डेढ़ साल के विकास कार्य भी गिनवाए।

बिरला ने कहा कि कृषि एवं पशुपालन क्षेत्र में भी सरकार काम कर रही है। पशुपालक आत्मनिर्भर बनेगा। उन्होंने कहा कि आजादी के सात दशक बाद भी प्रदेश के जिन इलाकों में पानी नहीं पहुंचा, वहां पहली बार सरकार ने पानी पहुंचाया है। ईआरसीपी के जरिए राजस्थान के सभी गांवों को पीने एवं सिंचाई के लिए पानी मिलेगा। आने वाले समय में यमुना नदी का पानी भी असिंचित क्षेत्र तक पहुंचेगा। राज्य सरकार प्रत्येक खेत तक पानी पहुंचाने का भागीरथ काम कर रही है। लोकसभा अध्यक्ष ने कहा कि ऊर्जा मंत्री हीरालाल नागर संकल्पित हैं कि सांगोद क्षेत्र के हर खेत को सड़क से जोड़ेंगे, इससे किसानों को सुविधा मिलेगी। बिरला ने सुपोषित मां अभियान का जिक्र करते हुए कहा कि गर्भवती महिलाओं को नियमित स्वास्थ्य जांच, पोषण आहार और अन्य जरूरी सहायता दी जा रही है। यह अभियान केवल मां और बच्चे के अच्छे स्वास्थ्य तक सीमित नहीं है, बल्कि एक संस्कारित और स्वस्थ पीढ़ी के निर्माण का प्रयास भी है।

मुख्यमंत्री शर्मा ने कहा कि वर्ष 2027 तक हम हर किसान को दिन में बिजली दे देंगे। इसके बाद किसान भी सरकारी कर्मचारी की तरह दिन में 10 से 6 बजे तक काम कर सकेगा। वह सुबह 10 बजे खेत जाएगा और शाम 6 बजे तक वापस लौट आएगा। इसके बाद अपने परिवार के साथ रहेगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि पंडित दीनदयाल उपाध्याय अंत्योदय संबल पखवाड़ा के अंतर्गत गांवों में किए जा रहे कार्य विकसित भारत-विकसित राजस्थान का संकल्प साकार करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं। इस अवसर पर शिक्षा मंत्री मदन दिलावर, ऊर्जा मंत्री हीरालाल नागर, जिले के प्रभारी मंत्री गौतम कुमार दक, कोटा दक्षिण विधायक संदीप शर्मा, लाडपुरा विधायक कल्पना देवी सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में आमजन उपस्थित रहे।

सांगोद के विकास में कोई कमी नहीं रखेंगे : नागर


ऊर्जा मंत्री नागर ने कहा कि मुख्यमंत्री शर्मा ने सांगोद को बहुत सौगातें दी हैं। सांगोद की सारी जनता की तरफ से मुख्यमंत्री का आभार प्रकट करता हूं। उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री ने आश्वस्त किया है कि सांगोद विधानसभा क्षेत्र में विकास की कोई कमी नहीं रहने दी जाएगी।

विकास के लिए 3 हजार 30 करोड़ का बजट दिया


सीएम ने कोटा के विकास कामों का जिक्र करते हुए कहा कि हमारी सरकार ने कोटा जिले के विकास के लिए 3 हजार 30 करोड़ का बजट दिया है। इसमें 400 करोड़ का बजट सांगोद विधानसभा क्षेत्र के लिए दिया है। ऊर्जा मंत्री नागर क्षेत्र के विकास के लिए हमेशा चिंतित रहे हैं, जब भी मैं ऊर्जा के विषय में बात करने के लिए बुलाता हूं तो वे सांगोद की बात करते हुए बजट मांगते रहते हैं।

विकास कार्यों का किया लोकार्पण और शिलान्यास


लोकसभा अध्यक्ष और मुख्यमंत्री ने 26.24 करोड रुपए की लागत से परवन नदी पर बने हाई लेवल ब्रिज तथा 45 करोड रुपए की लागत से कालीसिंध नदी पर बने उच्च स्तरीय पुल का लोकार्पण किया। साथ ही, समग्र शिक्षा अभियान के तहत ग्राम कनवास में 41.87 करोड़ रुपए की लागत से निर्मित कस्तूरबा गांधी बालिका आवासीय विद्यालय के नवीन भवन निर्माण कार्य का लोकार्पण भी किया। सांगोद में 16.69 करोड रुपए की लागत से डलने वाली सीवरेज लाइन और ट्रीटमेंट प्लांट का शिलान्यास भी किया। इससे पहले बिरला और मुख्यमंत्री ने कृषि उपज मंडी परिसर में सिंदूर का पौधा लगाकर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।

सीएम को कमल सरोवर का चित्र भेंट किया

सांगोद में हेलिपेड पर मुख्यमंत्री का भाजपा पदाधिकारियों ने स्वागत किया। उपप्रधान ओम अडूसा, जिला उपाध्यक्ष दिलीप गर्ग, विशाल शर्मा डॉ. बीएल गोचर ने सीएम का हेलिपेड पर स्वागत किया। भाजपा नेता डॉ. एलएन शर्मा के नेतृत्व में स्वागत कर कमल सरोवर डूंगरज्या आने का निमंत्रण दिया। सीएम को कमल सरोवर का चित्र भेंट कर बताया गया। राजस्थान पत्रिका के अमृतं जलम अभियान से इस तालाब के स्वरूप निखारने के बारे में बताया। स्वागत करने वालों में जिला उपाध्यक्ष मनीष शर्मा, पूर्व सरपंच रामप्रसाद नागर, रामस्वरूप शर्मा शामिल थे। सभा में देहात जिलाध्यक्ष प्रेमचंद गोचर, सांगोद प्रधान जयवीर सिंह अमृतकुआं, पूर्व विधायक चन्द्रकांता मेघवाल व सुल्तानपुर प्रधान कृष्णा शर्मा भी मंचासीन थे। जगदीश शर्मा, राजेन्द्र शर्मा, नगर अध्यक्ष चन्द्रप्रकाश सोनी, महेन्द्र शर्मा, मार्केटिंग अध्यक्ष ओम मेहता, देहात अध्यक्ष मुरारी मेहता आदि ने मुख्यमंत्री की अगवानी कर स्वागत किया। न्यायालय परिसर के सामने अभिभाषक परिषद एवं गायत्री चौराहा पर ब्राह्मण समाज की ओर से मुख्यमंत्री का स्वागत हुआ।