
युवक की मौत, परिजन ने किया मार्ग जाम
रामगंजमंडी (कोटा). छत्तीसगढ़ में युवक की मौत के बाद जैसे ही उसका शव बुधवार को रामगंजमंडी स्थित यादव मोहल्ले पहुंचा तो शव को देख बूढ़े माता-पिता बेसुध हो गए। मोहल्ले वासियों ने युवक की मौत के मामले में ठेकेदार पर हत्या का आरोप लगाया।
यादव मोहल्ले का ही ठेकेदार अमृतलाल मोहल्ले के रवि बैरवा को 1 महीने पहले काम के लिए छत्तीसगढ़ लेकर गया था। परिजनों का कहना है कि शव पूरा जला हुआ है और उसकी दोनों आंखें भी नहीं है। शव लेकर दोपहर करीब साढ़े बारह बजे सुकेत रोड पर हंगामे की सूचना जब पुलिस को मिली तो थानाधिकारी मौके पर पहुंचे और मामले की जानकारी ली। इस दौरान सड़क पर बैठे परिजनों और मोहल्लेवासियों से समझाइश कर थानाधिकारी मनोज कुमार ने उन्हें उठाया और बाधित आवागमन को सुचारू किया। 25 वर्षीय रवि बैरवा पुत्र बंशीलाल का छत्तीसगढ़ में पोस्टमार्टम करवाकर शव को ठेकेदार रामगंजमंडी लेकर आ गया। पुलिस ने ठेकेदार को हिरासत में लिया है। परिजनों की मांग पर पुलिस ने मौके पर डॉक्टर को बुलाकर शव की जांच कर परिजन से ठेकेदार के खिलाफ रिपोर्ट ली है। स्थानीय निवासी शांति बाई का कहना है कि रवि बूढ़े मां बाप का एक ही सहारा था। ठेकेदार ने रवि के माता पिता को 3 दिन पहले फोन किया था कि रवि की तबीयत खराब है लेकिन इसके बाद मां के फोन करने पर ठेकेदार ने कहा कि रवि की तबीयत अब ठीक है। शव के जलने और दुर्गंध आने से लगता है कि बॉडी 3-4 दिन पुरानी है।
जलने जैसा मामला नहीं- चिकित्सक
मौके पर शव की जांच करने आए चिकित्सक ने बताया कि शव पर जलने जैसा कुछ भी नहीं है। हीट वेव अधिक होने से शव में दुर्गंध आना शुरू हुई है और बॉडी काली पड़ गई। जिम्मेदारों को बॉडी को बर्फ में पैक कर लाना चाहिए था ताकि बॉडी स्थिर रह सके।
समझाइश के बाद सौंपा शव
थानाधिकारी मनोज कुमार ने बताया कि उन्होंने छत्तीसगढ़ पुलिस से भी मामले की जानकारी ली और जहां पोस्टमार्टम हुआ उस हॉस्पिटल से भी पोस्टमार्टम रिपोर्ट मंगवाई है। मामले में परिजनों से रिपोर्ट लेकर शव परिजनों को सौंप दिया है।
Published on:
22 Jun 2023 12:40 am
बड़ी खबरें
View Allकोटा
राजस्थान न्यूज़
ट्रेंडिंग
