कोटा. विधानसभा चुनाव की रविवार को होने वाली मतगणना स्थल जेडीबी कॉलेज की सुरक्षा के लिए पुलिस ने पुख्ता बंदोबस्त किए हैं। जेडीबी कॉलेज के भीतर से लेकर बाहर तक 1 हजार पुलिसकर्मी व आरएसी कंपनी के जवान चप्पे-चप्पे पर नजर रखेंगे। शहर पुलिस अधीक्षक शरद चौधरी ने बताया कि मतगणना को लेकर पुलिस पूरी तरह अलर्ट है। मतगणना स्थल जेडीबी कॉलेज में स्ट्रांग रूम से लेकर कॉलेज के बाहर तक आरएसी कंपनी के जवानों व एक हजार पुलिसकर्मियों को तैनात किया गया है। मतगणना स्थल पर मोबाइल लेकर नहीं जाया जा सकेगा। प्रशासन व पुलिस की ओर से जारी प्रवेश पत्र की जांच के बाद ही लोगों को मतगणना स्थल पर प्रवेश दिया जाएगा। इससे पहले पुलिस अधीक्षक ने ब्रिफ्रिंग कर मतगणना स्थल पर ड्यूटी पर लगे पुलिस अधिकारी और कर्मचारियों को ड्यूटी संबंधी आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।