
कुल्हाड़ी से की पत्नी की हत्या, शव को घसीटकर सड़क पर लाया
कोटा. रामपुरा कोतवाली थाना क्षेत्र के भाटापाड़ा हरिजन बस्ती में मंगलवार देर शाम गृह क्लेश के चलते पति ने पत्नी की कुल्हाड़ी के ताबड़तोड़ वार कर हत्या कर दी। पुलिस ने आरोपी पति को पकड़ लिया है।
पुलिस उपाधीक्षक रामकल्याण मीणा ने बताया कि हत्या की वारदात की सूचना पर वे स्वयं जाब्ते को लेकर मौके पर पहुंचे तो एक कमरे में लहुलुहान हालत में महिला का शव पड़ा था। पूछताछ में सामने आया कि गृह क्लेश के चलते पति सुनील उर्फ पिंटू (40) ने पत्नी सीमा (35) की कुल्हाड़ी से वार कर हत्या कर दी। हत्या के समय सीमा के सास-ससुर पास ही कमरे थे। हत्या के बाद आरोपी फरार हो गया। पुलिस ने उसे थोड़ी देर बाद ही राउण्डअप कर लिया। मृतका का बुधवार सुबह पोस्टमार्टम करवाया जाएगा।
ससुराल से लौटे थे पति-पत्नी
मृतका सीमा के मामा मनोज कुमार ने बताया कि सुनील व सीमा पिछले तीन दिन से स्टेशन माचिस फैक्ट्री निवासी नाना-नानी के पास गए हुए थे। मंगलवार शाम चार बजे दोनों वहां से खाना खाकर घर लौटे थे। शाम 7 बजे हत्या की सूचना मिली तो परिजन सन्न रह गए। सीमा के दो छोटे बेटे हैं। पिंटू ऑटो चलाता था। दोनों के बीच में अचानक ऐसा क्या हुआ कि उसने सीमा की हत्या कर दी।
सीसीटीवी में कैद : शव को घसीटकर सड़क पर लाया
घटनास्थल के पास लगे सीसीटीवी कैमरे में यह सारा घटनाक्रम कैद हो गया। कमरे में हत्या करने के बाद सुनील शव को घसीटकर ले जाता दिखाई दे रहा है। उसके हाथ में कुल्हाड़ी भी है। आस पड़ोस के लोगों ने बताया कि उसके घर से काफी देर से चीखने चिल्लाने की आवाजें आ रही थी। पिंटू पत्नी के शव को सड़क पर पटककर सीधा थाने पहुंचा और पत्नी की हत्या करने की जानकारी दी। इसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची।
बलात्कार के मामले में सजा काट चुका है आरोपी
उपाधीक्षक मीणा ने बताया कि आरोपी सुनील बलात्कार के मामले में 7 साल की सजा काट चुका है। आरोपी के खिलाफ पूर्व में बलात्कार सहित अन्य मामलों में 5 प्रकरण दर्ज हैं।
Published on:
01 Jun 2021 10:21 pm
बड़ी खबरें
View Allकोटा
राजस्थान न्यूज़
ट्रेंडिंग
