सुकेत (कोटा). कोटा जिले के राष्ट्रीय राजमार्ग 52 पर बुधवार तड़के इंदौर से जयपुर जा रही निजी बस ने अपने आगे चल रहे ट्रक को टक्कर मार दी। इससे बस में सवार 50 यात्रियों में से 1 दर्जन यात्रियों को चोटें आई। सुकेत थाना पुलिस और एनएचएआई चिकित्साकर्मी मौके पर पहुंचे। घायलों को सुकेत अस्पताल पहुंचाया। जहां से 4 गम्भीर घायलों को झालावाड़ रेफर कर दिया। शेष को सुकेत अस्पताल से उपचार कर छुट्टी दे दी गई।
प्रत्यक्षदर्शी ढाबा संचालक ने बताया कि हादसा बुधवार तड़के करीब 3 बजे हुआ। जहां ट्रक को पीछे चल रही निजी बस ने टक्कर मार दी। हादसे के बाद यात्रियों में चीख पुकार मच गई। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची। बस का आगे का हिस्सा पूरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गया। बस की केबिन में चालक फंस गया, जिसे मशक्कत कर बाहर निकाला। सभी घायलों को सुकेत अस्पताल पहुंचाया। वहीं चालक ट्रक लेकर जा चुका था। जिससे उसकी पहचान नहीं हुई। घटना के बाद राजमार्ग पर वाहनों की कतारें लग गई।
घायल यात्री अशोक कुमार ने बताया कि बस इंदौर से जयपुर जा रही थी। इंदौर से चली बस को कोई अन्य चालक चला रहा था, जो नशे में था। यात्रियों ने विरोध किया तो बस मालिक ने दूसरा चालक पप्पू को भेज दिया, लेकिन उसने भी शराब का सेवन किया हुआ था। जो बस को तेज गति से चला रहा था। यात्रियों ने विरोध करते हुए बस को रुकवाया और मामले की ज़ानकारी मध्यप्रदेश पुलिस को दी, लेकिन सुनवाई नहीं हुई और हादसा हो गया। मामले में घायल यात्रियों ने सुकेत थाने में शिकायत दर्ज कराई है। जिसकी पुलिस जांच कर रही है।
ये हुए घायल
शिरीष मिश्रा, सपना मिश्रा, अलका मिश्रा, अशोक पंवार, मेजर, ऋचा, जानकी सोनी, कमलेश कुमार शर्मा, शकुंतला, अभिषेक शर्मा, मनीष, संतोष देशमुख व पप्पू शामिल हैं।