
कोटा. हाड़ौती संभाग की धरा सोमवार को अंगारों की तरह तपी। आसमान से भी आग बरसती रही। सुबह से ही गर्म हवाओं के थपेड़ों ने परेशान किया। इस बीच शाम चार बजे मौसम ने एकदम करवट बदली।
बादल छाए, सूरज ढलते-ढलते धूल भरी हवाएं चली। मौसम विभाग के अनुसार सोमवार को शहर का पारा 1.1 डिग्री चढ़कर 44.1 डिग्री हो गया, जो सीजन का सबसे अधिक तापमान रहा। न्यूनतम तापमान 0.3 डिग्री चढ़कर 31.2 डिग्री हो गया।
बूंदी जिले में भी सूर्यदेव ने आग उगली। सुबह से ही गर्मी का असर रहा। दोपहर में बाजार में सन्नाटा पसरा रहा। अधिकतम तापमान 44.5 व न्यूनतम 27 डिग्री रहा। बारां जिले में दिनभर गर्म हवा के थपेड़े चले, लेकिन शाम को मौसम पलट गया।
कस्बाथाना में कुछ देर बारिश व बारां में बूंदाबांदी हुई। झालावाड़ जिले में सुबह से तेज धूप रही। दोपहर बाद करीब तीन बजे तेज हवाएं चली। शाम पांच बजे तक तेज अंधड़ से शहर की बिजली गुल हो गई। अधिकतम तापमान 34 व न्यूनतम 28 डिग्री रहा।
बड़ी खबरें
View Allट्रेंडिंग
