23 अप्रैल 2026,

गुरुवार

Patrika Logo
Switch to English
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

लखीमपुर खीरी में आग का भीषण तांडव, पूरा गांव जलकर राख, 10 जानवर भी जले

Lakhimpur Kheri Fire News : लखीमपुर खीरी के बोधिया कला गांव में भीषण आग से 45 घर जलकर राख हो गए और 10 मवेशियों की मौत हो गई। शादी का सामान और गृहस्थी तबाह। प्रशासन ने आर्थिक मदद का भरोसा दिया है।

2 min read
Google source verification

लखीमपुर में लगी भीषण आग, PC- Patrika

लखीमपुर-खीरी : उत्तर प्रदेश के लखीमपुर खीरी जिले से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। गुरुवार दोपहर मझगई थाना क्षेत्र के बोधिया कला गांव (लोनियन पुरवा) में लगी भीषण आग ने पूरे गांव को अपनी चपेट में ले लिया। तेज हवाओं के चलते आग इतनी विकराल हो गई कि देखते ही देखते 45 घर जलकर खाक हो गए। इस आपदा में न केवल लोगों के आशियाने उजड़ गए, बल्कि 10 से ज्यादा मवेशी भी जिंदा जलकर मर गए।

एक चिंगारी से भड़की आग, पूरा गांव हो गया राख

आग की शुरुआत दोपहर करीब 1:30 बजे श्रवन पाल के घर से हुई। आशंका जताई जा रही है कि किसी अज्ञात चिंगारी ने सूखे घास-फूस के घर को पकड़ लिया। उस वक्त चल रही तेज हवाओं ने 'आग में घी' का काम किया और लपटें एक घर से दूसरे घर तक तेजी से फैलने लगीं। गांव में अफरा-तफरी का माहौल पैदा हो गया। लोग अपनी जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे। इसी भगदड़ में प्यारे नामक एक युवक का पैर भी टूट गया।

शादी की तैयारियों पर फिरा पानी

इस अग्निकांड ने कई परिवारों के सपनों को राख कर दिया है। गांव की यशोदा की शादी आगामी 13 मई को होनी तय थी। परिवार ने पेट काटकर बेटी के लिए दहेज, नए कपड़े और शादी का सामान जुटाया था, जो पल भर में जलकर राख हो गया। बदहवास परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और उनके सामने अब बेटी के हाथ पीले करने की बड़ी चुनौती खड़ी हो गई है।

भारी आर्थिक और पशुधन की हानि

पशुधन का नुकसान: आग की चपेट में आने से 4 गायों और 4 बकरियों समेत 10 से अधिक मवेशियों की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि कई अन्य बुरी तरह झुलस गए।
गृहस्थी हुई तबाह: ग्रामीणों के अनुसार, घरों में रखा साल भर का अनाज, नकदी, जेवरात, बर्तन और कपड़े सब कुछ नष्ट हो गया है। पीड़ित महिला चुन्नी ने बताया कि अब उनके पास सिर छिपाने के लिए छत और खाने के लिए दाना तक नहीं बचा है।

सूचना मिलने पर फायर ब्रिगेड की दो गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और करीब एक घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। घटना की गंभीरता को देखते हुए एसडीएम राजीव निगम और तहसीलदार दिव्यांशु शाही ने राजस्व टीम के साथ गांव का दौरा किया।

एसडीएम राजीव निगम ने बताया कि आग पर काबू पा लिया गया है। लेखपाल और राजस्व टीम नुकसान का आकलन कर रही है। पीड़ित परिवारों (श्रवन, सतीश, शिवप्यारी, नंदराम आदि) को सरकारी नियमों के अनुसार हर संभव आर्थिक सहायता और राहत सामग्री जल्द से जल्द उपलब्ध कराई जाएगी।

बड़ी खबरें

View All

लखीमपुर खेरी

उत्तर प्रदेश

ट्रेंडिंग