समाजवादी पार्टी के मुखिया अखिलेश यादव ने भाजपा पर निशाना साधा है। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार को आम आदमी की ‌चिंता नहीं है।
अखिलेश यादव ने कहा, “बीजेपी सरकार नए साल पर 23 प्रतिशत बिजली का बिल बढ़ाकर जनता को एक और महंगाई का करेंट देने वाली है। सबसे ज्यादा घरेलू उपभोक्ताओं पर असर पड़ेगा।
एक बार फिर सरकार बिजली का बिल बढ़ाने का प्रस्ताव ला करके किसानों, गरीबों, व्यापारियों सब पर बोझ डाल रही है। भाजपा सरकार बिजली का बिल बढ़ाकर अब अन्य तमाम आवश्यक चीजों पर मंहगाई बढ़ाने का फिर चाल चल रही है।
भाजपा का यह कदम जनविरोधी है। अखिलेश यादव ने कहा कि बीजेपी विधानसभा में किसानों को सिंचाई के लिए मुफ्त बिजली देने का वादा किया था। भाजपा के अन्य वादों की तरह किसानों की बिजली मुफ्त करने का वादा भी झूठा और जुमला साबित हुआ है।
“बीजेपी ने एक भी यूनिट बिजली का उत्पादन नहीं बढ़ाया है”
अखिलेश यादव ने कहा, “उत्तर प्रदेश में जबसे भाजपा सरकार आयी है। उसने एक भी यूनिट बिजली का उत्पादन नहीं बढ़ाया है। आज उत्तर प्रदेश में जो भी बिजली का उत्पादन हो रहा है।
वह समाजवादी पार्टी की सरकार में स्थापित कराये गये बिजली कारखानों द्वारा हो रहा है। उसमें भी सभी प्लांट शुरू नहीं हो सके हैं। सपा मुखिया ने कहा कि भाजपा सरकार राजस्व के नाम पर जनता की जेब पर डकैती डालना बंद करे।