
Akhilesh Yadav
Lok Sabha Elections 2024: बसपा सुप्रीमो मायावती द्वारा आकाश आनंद को कोऑर्डिनेटर और उत्तराधिकारी के पद से हटाने पर अब सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने मायावती के इस फैसले को बसपा का आंतरिक मामला मानते हुए अपने हिसाब से इस फैसले की वजह बताई है। उन्होंने यह भी दावा किया है कि लोकसभा चुनाव 2024 में बसपा को यूपी में एक भी सीट नहीं मिलेगी।
अखिलेश यादव ने ट्वीट कर कहा, “बसपा ने अपने संगठन में बड़े बदलाव का जो भी कदम उठाया है वो उनकी पार्टी का आंतरिक विषय है। दरअसल, इसके पीछे असली कारण ये है कि बसपा की एक भी सीट आती हुई नहीं दिख रही है क्योंकि बसपा के अधिकांश परंपरागत समर्थक भी इस बार संविधान और आरक्षण को बचाने के लिए इंडिया गठबंधन को ही वोट दे रहे हैं। इस बात को बसपा अपने संगठन की विफलता के रूप में ले रही है। इसलिए, उनका शीर्ष नेतृत्व संगठन में इतना बड़ा फेर-बदल कर रहा है लेकिन अब बाजी बसपा के हाथ से निकल चुकी है।”
अखिलेश यादव ने आगे ट्वीट कर लिखा, “सच तो ये है कि जब बसपा का प्रभाव क्षेत्र होते हुए भी पिछले तीन चरणों में उनकी एक भी सीट नहीं आ रही है तो फिर बाकी के चार चरणों में तो कोई संभावना बचती ही नहीं है। ऐसे में हम सभी वोटरों से अपील करते हैं कि आप अपना वोट खराब न करें और जो बाबासाहेब भीमराव अंबेडकर जी के संविधान को बचाने के लिए सामने से लड़ रहे हैं, इंडिया गठबंधन के उन प्रत्याशियों को वोट देकर जिताएं और संविधान के संग, आरक्षण भी बचाएं। इसीलिए, आग्रह है कि संविधान, आरक्षण और अपना मान-सम्मान बचाना है तो अपना वोट सपा को दें या जहां इंडिया गठबंधन का प्रत्याशी हो वहां डालकर संविधान और आरक्षण विरोधी भाजपा को हराएं।”
Published on:
08 May 2024 02:32 pm

बड़ी खबरें
View Allलखनऊ
उत्तर प्रदेश
ट्रेंडिंग
