Lekhpal Bharti 2025: यूपी में जल्द 9640 नायब तहसीलदार, लेखपाल व राजस्व लिपिकों की भर्ती जल्द होगी। राजस्व परिषद ने आयोगों को प्रस्ताव भेज दिया है। इसमें लेखपाल के सर्वाधिक 7531 पद शामिल।
उत्तर प्रदेश सरकार जमीन संबंधी मामलों में जनता को राहत पहुंचाने के उद्देश्य से राजस्व विभाग में रिक्त पड़े पदों को शीघ्र भरने की तैयारी में है। इसके तहत नायब तहसीलदार, लेखपाल और राजस्व लिपिक के कुल 9640 पदों पर भर्ती की जाएगी। इसके लिए संबंधित आयोगों को प्रस्ताव भेज दिए गए हैं। इन भर्तियों में सर्वाधिक संख्या लेखपालों की है, जिनके 7531 पदों पर नियुक्ति की जाएगी।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के आदेशानुसार, राजस्व परिषद ने इन खाली पदों को भरने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। नायब तहसीलदार के कुल 1234 पदों में से 353 रिक्त पदों पर भर्ती के लिए उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग को प्रस्ताव भेजा गया है। वहीं, लेखपाल के कुल 30837 पदों में से 7531 खाली पदों पर भर्ती के लिए उत्तर प्रदेश अधीनस्थ सेवा चयन आयोग को प्रस्ताव प्रेषित किया गया है।
राजस्व लिपिक के पदों की बात करें तो, कुल 10406 पदों में से 5712 पद भरे हुए हैं, जबकि 4694 पद रिक्त हैं। इन रिक्त पदों में से 2938 पद पदोन्नति के माध्यम से और 1756 पदों पर सीधी भर्ती की जाएगी। इन सीधी भर्ती वाले पदों को भरने का प्रस्ताव भी उत्तर प्रदेश अधीनस्थ सेवा चयन आयोग को भेज दिया गया है। इन भर्तियों के जल्द ही शुरू होने की उम्मीद है, जिससे प्रदेश के युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर भी सृजित होंगे।