
शिवपाल के बाद अब सीएम योगी ने इस पार्टी के बड़े नेता पर हुए मेहरबान, दिया एनडी तिवारी का मकान
लखनऊ. शिवपाल यादव पर मेहबान होने के बाद अब योगी सरकार ने अपने सहयोगी पार्टी अपना दल (सोनेलाल) के राष्ट्रीय अध्यक्ष और एमएलसी आशीष पटेल को पूर्व मुख्यमंत्री एनडी तिवारी का बंगला आवंटित किया है। पूर्व मुख्यमंत्रियों द्वारा हाल ही में सरकारी बंगले खाली किए गए थे। हाल ही में मायावती द्वारा खाली किए गए बंगले को समाजवादी सेक्युलर मोर्चा के संयोजक शिवपाल यादव को आवंटित किया गया था।
कुछ वरिष्ठ मंत्री भी इस दौड़ में शामिल हैं
अब योगी सरकार ने पूर्व मुख्यमंत्री नारायण दत्त तिवारी के बंगले को केंद्रीय स्वास्थ्य राज्य मंत्री अनुप्रिया पटेल के पति और एमएलसी आशीष पटेल को आवंटित कर दिया है। पूर्व मुख्यमंत्रियों का बंगला पाने वालों में अब आशीष पटेल का नाम भी जुड़ गया है। उन्हें माल एवेन्यू स्थित बंगला नंबर एक-ए अलाट किया गया है। इस बंगले में पहले पूर्व मुख्यमंत्री स्व. एनडी तिवारी रहा करते थे। अभी भी पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव, कल्याण सिंह और राजनाथ सिंह द्वारा खाली किए गए बंगलों का आवंटन होना बाकी है। तमाम नेता इन बंगलों को अलाट कराने में जुटे हैं। कुछ वरिष्ठ मंत्री भी इस दौड़ में शामिल हैं।
जहां वह पार्टी का कार्यालय स्थापित कर सकें
योगी सरकार द्वारा दीपावली पहले इस मेहरबानी को सहयोगी दलों को प्रसन्न रखने की कवायद माना जा रहा है। यह बात अलग है कि सुभासपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष और योगी सरकार में कैबिनेट मंत्री ओम प्रकाश राजभर भी सरकार बनने के बाद से एक ऐसे सरकारी बंगले की मांग कर रहे हैं, जहां वह पार्टी का कार्यालय स्थापित कर सकें।
इतना बड़ा बंगला जरूरत दे दिया है
विशेष सचिव एवं राज्य संपत्ति अधिकारी योगेश कुमार शुक्ल ने एक-ए माल एवेन्यू बंगला अपना दल के एमएलसी आशीष पटेल को आवंटित किए जाने का आदेश जारी किया है। इस आवंटन के साथ ही आशीष पटेल को पूर्व में आवंटित गोमतीनगर विभूति खंड स्थित आवास का आवंटन निरस्त कर दिया गया है। इस आवंटन को यूपी की योगी सरकार द्वारा 2019 लोकसभा चुनाव से पहले सहयोगी दलों को प्रसन्न रखने के क्रम में देखा जा रहा है। प्रदेश सरकार में सहयोगी अपना दल (एस) ने प्रदेश सरकार से लखनऊ में कार्यालय आवंटित करने की मांग पहले से कर रखी थी। कार्यालय का आवंटन तो नहीं हुआ लेकिन सरकार ने अपना दल के नेता को इतना बड़ा बंगला जरूरत दे दिया है जहां से वह पार्टी के संगठनात्मक कार्यों का भी संचालन कर सकेंगे।
बतादें कि इससे पूर्व योगी सरकार ने पूर्व मुख्यमंत्री मायावती द्वारा खाली किए गए माल एवेन्यू स्थित बंगला नंबर-10 प्रगतिशील समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष विधायक शिवपाल यादव को आवंटित किया था। शिवपाल को यह बंगला मिलने के बाद से राजनीतिक हलके में कयास लगाए जा रहे थे कि भाजपा ने उनको अपने खेमे में शामिल करने के लिए यह बंगला दिया है। अभी भी पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव, कल्याण सिंह और राजनाथ सिंह द्वारा खाली किए गए बंगलों का आवंटन होना बाकी है। तमाम नेता इन बंगलों को अलाट कराने में जुटे हैं। कुछ वरिष्ठ मंत्री भी इस दौड़ में शामिल हैं। अब देखना यह होगा कि आखिर इन बंगलों को किसे आवंटित किया जाएगा।
Published on:
29 Oct 2018, 9:41 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.