लखनऊ

कांग्रेस विधायक अदिति सिंह को नई जिम्मेदारी, अब 18-35 साल की लड़कियों को जोड़ेंगी इस प्रोजेक्ट से

अदिति सिंह को नई जिम्मेदारी, अब प्रियदर्शिनी प्रोजेक्ट को करेंगी लीड.. 18-35 साल की लड़कियों को जोडेंगी.. टोल फ्री नंबर व ऐप भी होगा लॉन्च

लखनऊSep 16, 2018 / 02:15 pm

Prashant Srivastava

कांग्रेस विधायक अदिति सिंह को नई जिम्मेदारी, अब 18-35 साल की लड़कियों को जोड़ेंगी इस प्रोजेक्ट से

लखनऊ. ऑल इंडिया महिला कांग्रेस में जनरल सेक्रेट्री बनाए जाने के बाद रायबरेली विधायक अदिति सिंह को एक और नई जिम्मेदारी मिली है। वह अब प्रियदर्शिनी प्रोजेक्ट को लीड करेंगी। इस प्रोजेक्ट में 18-35 साल की लड़कियों को पार्टी से जोड़ना होगा। इनमें कॉलेज में पढ़ने वाली छात्राओं पर विशेष फोकस रहेगा। इस प्रोजेक्ट को पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी के नाम पर प्रियदर्शनी कांग्रेस या प्रियदर्शनी विंग रखा जाएगा। माना जा रहा है कि 19 नवंबर को इंदिरा गांधी की जयंती के मौके पर दिल्ली में इसके गठन की घोषणा होगी।
प्रियदर्शिनी विंग से महिला कांग्रेस तक पहुंचाने का लक्ष्य

लखनऊ में महिला संगठन के कार्यक्रम के दौरान महिला कांग्रेस की अध्यक्ष सुष्मिता देव ने बताया कि जल्द ही प्रियदर्शिनी प्रोजेक्ट के बारे में आधिकारिक तौर पर प्लानिंग सार्वजनिक की जाएगी। सूत्रों के मुताबिक, नए विंग में 18-35 साल के बीच की युवतियों को ही जगह दी जाएगी।35 साल की उम्र पूरी करते ही उसे महिला कांग्रेस के मुख्य संगठन (जिस स्तर पर वह थी, उसी स्तर पर। यानी अगर वह प्रियदर्शिनी कांग्रेस में ब्लॉक स्तर पर थी, तो महिला कांग्रेस में उसे ब्लॉक स्तर पर ही काम दिया जाएगा।) में भेज दिया जाएगा। इस तरह युवतियों को पार्टी से जोड़ने का सिलसिला लगातार चलता रहेगा। पार्टी सूत्रों का दावा है इसके जरिए जहां महिला कांग्रेस को नई तेजतर्रार नेता मिलेंगी, वहीं उन युवतियों को राजनीति करने का मौका मिलेगा, जिन्हें चाहकर भी राजनीतिक दलों में काम करने का मौका नहीं मिल पाता था।
जीन्स-टीशर्ट हो सकता है ड्रेस कोड

सूत्रों के मुताबिक प्रियदर्शनी विंग का ड्रेस कोड जीन्स -टी शर्ट या ट्राउजर-टी-शर्ट हो सकता। नीले व काले रंग की जीन्स और ट्राउजर के साथ टी शर्ट का रंग प्रयदर्शिनी कांग्रेस में कार्यकर्ता की वरिष्ठता के आधार पर तय होगा। पार्टी सूत्रों की मानें तो अभी प्रस्ताव में टी शर्ट के रंग तय नहीं किए गए हैं। आमतौर पर महिला नेता का नाम आते ही, धारणा बनती है कि वह शुद्ध भारतीय परिधान यानी साड़ी या शूट (सलवार कुर्ता) पहनेंगी। लेकिन, प्रियदर्शिनी कांग्रेस के प्रस्ताव में इस मिथक को तोड़ा गया है।

अदिति को दोहरी जिम्मेदारी

अदिति को प्रियदर्शिनी विंग की जिम्मेदारी मिलने का कारण उनका कम उम्र का होना भी है। सोशल मीडिया पर भी वह काफी एक्टिव हैं। इसके अलावा उन्हें प्रियंका गांधी का भी करीबी माना जाता है। अदिति का कहना है कि उनका कांग्रेस जॉइन करने का अहम कारण भी प्रियंका गांधी ही हैं। सुष्मिता देव ने भी कहा कि अदिति ज्यादा से ज्यादा युवा महिलाओं को संगठन से जोड़ेंगी।
टोलफ्री नंबर होगा जारी

अदिति के मुताबिक प्रियदर्शनी विंग को लेकर प्लानिंग तेजी से चल रही है। हालांकि अभी औपचारिक घोषणा होना इसकी बाकि है। इसके लिए टोल-फ्री नंबर भी जारी किया जा सकता है जिस पर मिस कॉल कर के युवतियां इस विंग से जुड़ सकती हैं। इसके अलावा इसकी ऐप भी तैयार किए जाने पर विचार चल रहा है।
 

 

Home / Lucknow / कांग्रेस विधायक अदिति सिंह को नई जिम्मेदारी, अब 18-35 साल की लड़कियों को जोड़ेंगी इस प्रोजेक्ट से

Copyright © 2024 Patrika Group. All Rights Reserved.