
मोदी सरकार के चार साल होने पर 'विश्वासघात दिवस' बनाएगी कांग्रेस
लखनऊ. केंद्र की मोदी सरकार शनिवार को चार साल पूरे कर लेगी। इस बार बीजेपी को घेरने के लिए विपक्ष भी कमर कस चुका है। यूपी में बीजेपी अपने चार साल की उपलब्धियां गिनाएगी तो वहीं कांग्रेस और सपा बीजेपी सरकार को सवालों से घेरेंगी। कांग्रेस बारादरी से बीजेपी की शव यात्रा निकालेगी तो वहीं सपा और आम आदमी पार्टी भी बीजेपी के खिलाफ प्रदर्शन करेंगी।कांग्रेस पार्टी शनिवार को विश्वासघात दिवस मनाएगी। जिला मुख्यालयों पर प्रदर्शन होंगे और राजधानी में विरोध मार्च निकाला जाएगा। केंद्र की कथित जनविरोधी नीतियों और कार्यक्रमों का राजफाश करने के लिए प्रदेश अध्यक्ष राजबब्बर पत्रकार वार्ता करेंगे।
प्रदेश प्रवक्ता कृष्णकांत पांडेय ने बताया कि रिकार्डतोड़ महंगाई, भ्रष्टाचार व चुनाव में किये गए वादों को पूरा न करने के विरोध में सभी जिला व शहर इकाइयों से अपने क्षेत्र में व्यापक प्रदर्शन करने के लिए कहा गया है। जनता को साथ लेकर विरोध मार्च किया जाएगा और ज्ञापन सौंपे जाएंगे। राजधानी में प्रदेश अध्यक्ष राजबब्बर के नेतृत्व में लालबाग स्थित सफेद बारादरी से दोपहर 12 बजे विरोध मार्च किया जाएगा। इसी तरह सभी जिला केंद्रों में भी स्थानीय कार्यकर्ताओं का जुटान होगा। कांग्रेस प्रवक्ता ज़ीशान अंसारी ने बताया कि राजधानी लखनऊ में बारादरी से बीजेपी सरकार की शव यात्रा निकाली जाएगी, पुतले जलाए जाएंगे। बीजेपी सरकार की जुमलेबाजी जनता के सामने रखी जाएगी।
कांग्रेस के दल नेता दीपक सिंह ने प्रमुख सचिव विधान परिषद को लिखे गए पत्र में बैलगाड़ी से विधानभवन परिसर में आने के लिए पास मांगा है। दीपक का कहना है कि पेट्रोलियम पदार्थों के दाम में रिकार्डतोड़ वृद्धि के कारण वाहनों से आना महंगा होता जा रहा है। उन्होंने पत्र में कहा कि यातायात की सुगमता को देखते हुए प्रमुख सचिव कांग्रेस के सदस्यों को विधानभवन में बैलगाड़ी से आने के लिए पास देने का आदेश जारी करने का कष्ट करें। विधान परिषद में कांग्रेस के दो सदस्य हैं।

Published on:
25 May 2018 11:46 pm
बड़ी खबरें
View Allलखनऊ
उत्तर प्रदेश
ट्रेंडिंग
