scriptVideo:वन कर्मियों पर तेंदुए का खौफनाक हमला, वीडियो देख खड़े हो जाएंगे रौंगटे | Leopard chased forest workers in Uttarakhand, watch video | Patrika News
लखनऊ

Video:वन कर्मियों पर तेंदुए का खौफनाक हमला, वीडियो देख खड़े हो जाएंगे रौंगटे

उत्तराखंड के हल्द्वानी में एक तेंदुआ आबादी के बीच घुस आया। मौके पर पहुंची वन विभाग की टीम को तेंदुए ने खूब दौड़ाया और उन्हें झपट्टे मारे। वन कर्मियों को तेंदुए ने जमीन पर भी पटक दिया था। तेंदुए के हमले का ये दिल दहलाने वाला वीडियो खूब वायरल हो रहा है…

लखनऊFeb 12, 2024 / 06:49 pm

Naveen Bhatt

leopard_attack.jpg

हल्द्वानी में वन कर्मियों पर हमला करता तेंदुआ

सुबह करीब सात बजे राजारानी विहार के अजय धौनी, मृदुल पांडेय आदि युवा क्रिकेट खेलने जा रहे थे। इस बीच उन्हें कोरल इंटरनेशनल स्कूल के पास एक खेत में तेंदुआ दिखाई दिया। उन्होंने तत्काल इसकी सूचना वन विभाग को दी। वन विभाग की टीम को देख तेंदुआ झाड़ियों में छिप गया। ज्यों ही वन कर्मियों ने तेंदुए को पिंजरे में डालने के लिए जाल बिछाना शुरू किया वहां भगदड़ मच गई। तेंदुआ वन कर्मियों के पीछे दौड़ पड़ा। तेंदुए से बचने के लिए वन कर्मियों ने खूब मैराथन दौड़ लगाई। इसी बीच तेंदुआ एक वन कर्मी पर झपट पड़ा। इससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई थी।
मजदूरों को किया जख्मी

वन विभाग की टीम झाड़ियों में छिपे तेंदुए को इधर-उधर तलाशने में जुटी रही। इसी बीच तेंदुआ भागकर एक झोपड़ी में घुस गया। तेंदुए ने झोपड़ी में मौजूद नन्हे लाल और धर्मवीर पर हमला कर दिया। तेंदुए के हमले में दोनों लोग जख्मी हो गए। एक की गर्दन में पंजों के गहरे निशान पड़ गए थे।
https://www.dailymotion.com/embed/video/x8skifi
वन कर्मी ने लात से प्रहार कर भगाया

पिंजरा लगाने के दौरान झाड़ियों में छिपे तेंदुए ने एक वन कर्मी पर हमला कर दिया। दोनों के बीच गुत्थम-गुत्थी हुई। वन कर्मी ने नाक पर लात से प्रहार कर तेंदुए को भगाकर जान बचाई।
चार घंटे बाद आया पकड़ में

आबादी के बीच तेंदुआ घुसने से मौके पर लोगों का हुजूम उमड़ पड़ा था। चार घंटे की कड़ी मश्क्कत के बाद तेंदुआ वन विभाग के चंगुल में फंस पाया। इसी दौरान भीड़ तेंदुए के साथ फोटो खिंचवाने के लिए आमादा हो गई। भीड़ को तितर-बितर करने के लिए लाठियां फटकारनी पड़ी।

Hindi News/ Lucknow / Video:वन कर्मियों पर तेंदुए का खौफनाक हमला, वीडियो देख खड़े हो जाएंगे रौंगटे

ट्रेंडिंग वीडियो