लखनऊ. बकायेदारों से हाउस टैक्स वसूलनेे के लिए लखनऊ नगर निगम (Lucknow Nagar Nigam) ने एक अनूठा तरीका अपनाने का फैसला किया है। हाउस टैक्स नहीं भरने वाले लोगों के घरों के बाहर नगर निगम अब ढोल बजवाएगा। इस अभियान की शुरुआत एक जुलाई यानी सोमवार से होगी। इसके अलावा बकायेदारों को जगाने के लिए नगर निगम लाउडस्पीकर से भी लोगों से हाउस टैक्स भरने की अपील करेगा। बावजूद जिन लोगों ने हाउस टैक्स नहीं भरा, उनके सभी बैंक खाते सीज कर दिये जाएंगे।
बीते दिनों नगर निगम (Lucknow Nagar Nigam) ने हाउस टैक्स जमा करने वालों के लिए एक मुश्त समाधान योजना (ओटीएस) शुरू की गई थी। बावजूद सरकारी भवनों से लेकर निजी भवनों पर नगर निगम का करोड़ों रुपए का हाउस टैक्स बकाया है। बीते वर्ष दिसंबर में नगर निगम ने उन सरकारी इमारतों को नोटिस जारी किया था, जिन पर करोड़ों रुपए का टैक्स बकाया है। नगर निगम सूची के मुताबिक, 17 सरकारी विभागों पर करीब 24 करोड़ 21 लाख रुपये से ज्यादा का टैक्स बकाया है। इसमें अब तक कुछ जमा हुआ, लेकिन ज्यादातर अभी बाकी है। नगर निगम के एक अधिकारी ने बताया कि हर साल शासन बकायेदारों की सूची तो लेता है, लेकिन भुगतान नहीं करता। यही वजह है कि यह टैक्स हर साल कर बढ़ जाता है। इसकी वजह से नगर निगम की वित्तीय स्थिति भी प्रभावित हो रही है।