
बहुजन समाज पार्टी (BSP) से निष्कासित किए गए आकाश आनंद ने जब पार्टी सुप्रीमो मायावती से सार्वजनिक रूप से माफी मांगी और आगे गलतियों से बचने का संकल्प लिया तो मायावती ने बड़ा दिल दिखाते हुए उन्हें एक और मौका देने का ऐलान कर दिया। यह घोषणा मायावती ने खुद अपने एक्स हैंडल पर की।
अपने बयान में मायावती ने लिखा कि आकाश आनंद ने सोशल मीडिया पर चार पोस्ट में अपनी गलतियों को स्वीकार किया है, वरिष्ठ नेताओं का सम्मान करने का आश्वासन दिया है और यह भी वादा किया है कि वे अब अपने ससुर की बातों से प्रभावित हुए बिना पार्टी और बहुजन आंदोलन के प्रति पूरी निष्ठा से काम करेंगे। इन सब बातों को ध्यान में रखते हुए उन्हें दोबारा अवसर देने का निर्णय लिया गया है।
मायावती ने यह भी स्पष्ट किया कि वे फिलहाल पूरी तरह से स्वस्थ हैं और जब तक स्वस्थ रहेंगी, तब तक पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ पार्टी व आंदोलन के लिए कार्य करती रहेंगी। उन्होंने साफ किया कि उत्तराधिकारी नियुक्त करने का कोई सवाल नहीं उठता और वे अपने निर्णयों पर अडिग रहेंगी।
इस घटनाक्रम के पीछे आकाश आनंद के ससुर अशोक सिद्धार्थ की भूमिका को लेकर मायावती ने नाराजगी भी जताई। उन्होंने कहा कि अशोक सिद्धार्थ ने पार्टी में गुटबाजी और अनुशासनहीनता फैलाने के साथ-साथ आकाश के राजनीतिक भविष्य को नुकसान पहुँचाने का भी प्रयास किया है। इसलिए उन्हें माफ करने या पार्टी में वापस लेने का कोई विचार नहीं किया जाएगा।
ज्ञात हो कि आकाश आनंद ने मायावती को अपना राजनीतिक गुरु मानते हुए एक्स पर सार्वजनिक रूप से माफी मांगी थी। उन्होंने लिखा कि वे अब अपने ससुराल पक्ष या किसी रिश्तेदार की बातों में आकर कोई निर्णय नहीं लेंगे और केवल बहन जी के दिशा-निर्देशों पर चलेंगे। उन्होंने पार्टी के वरिष्ठ नेताओं का सम्मान करने और अनुभव से सीखने का भी वादा किया।
Updated on:
13 Apr 2025 09:34 pm
Published on:
13 Apr 2025 09:34 pm
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
