
Akhilesh
लखनऊ. लखनऊ के जिला सत्र न्यायालय में एक वकील पर बम से हमला ने यूपी की कानून व्यवस्था पर एक बार फिर बड़ा सवाल खड़ा कर दिया है। वकीलों द्वारा जहां इस घटना की निंदा की जा रही है तो वहीं विपक्षी दल भी भाजपा सरकार पर कानून व्यवस्था फेल होने के लिए जिम्मेदार ठहरा रहा है। समाजवादी पार्टी ने भी इस पर सरकार को घेरा है। पार्टी ने इस घटना के साथ ही नोएडा में सर्राफा व्यापारी की हत्या मामले की भी कड़ी निंदा की है। जारी बयान में समाजवादी पार्टी ने कहा है कि उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा कमिश्नरी व्यवस्था के बाद लखनऊ और नोएडा अपराध की नई राजधानी बन चुके हैं ! लखनऊ में न्यायालय परिसर के अंदर वकील पर बम से हमला, नोएडा में सर्राफा व्यापारी को दिन दहाड़े गोली मार कर लूट। कायम हो चुके सत्ता संरक्षित अपराधियों के जंगलराज की पुष्टि करता है।
यह था मामला-
आपको बता दें कि गुरुवार सुबह जिला सत्र न्यायालय में कुछ बदमाशों ने बम से हमला कर दिया। हमला लखनऊ बार एसोसिएशन के संयुक्त मंत्री संजीव लोधी पर किया गया, जिसमें वे बुरी तरह से घायल हो गए हैं, तो वहीं कई अन्य वकील जख्मी हो गए। लोधी के सहयोगी ने बताया कि किसी बात को लेकर संजीव लोधी का कुछ लोगों से विवाद हुआ था, जिसके बाद गुरुवार को 8 से 10 लोगों ने उनके ऊपर बम से हमला कर दिया, जिसमें से 3 बम फटे, हालांकि पुलिस के मुताबिक, एक बम फटा जिससे मौके पर मौजूद संजीव लोधी और कई अन्य वकील घायल हो गए। बयान देते हुए संजीव लोधी ने सरकार से सुरक्षा की मांग की है।
Published on:
13 Feb 2020 09:22 pm
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
