लखनऊ. राजधानी की हाईटेक पुलिस ही सुरक्षित नहीं है तो आम जनता की सुरक्षा तो राम भरोसे है। बेखौफ हुए चोरों ने आशियाना थाने के एसआई की बाइक पुलिस ऑफिस से पार कर दी। वहीं, निगोहा में चोरों ने चार घरो में लाखों रुपये का माल चोरी कर सनसनी फैला दी। चोर सामान बटोरते रहे लेकिन हाईटेक पुलिस सोती रही। सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर चोरों की तलाश शुरू कर दी है।
आशियाना के एसआई राजेश यादव की मोटर साईकिल (यूपी 32बीई 5803) पुलिस ऑफिस से चोरों ने पर कर दी इससे पुलिस को सुरक्षा और हाईटेक होने पर सवाल उठ रहा है। वहीं, निगोहा के लालपुर गांव के निवासी छोटे लाल वर्मा के घर से चोरो ने लाखो रूपये का घरेलू सामान व नगदी, राजेंद्र वर्मा के घर से दो मोबाइल, अयोध्या सिंह के घर से एक लाख रूपये के जेवर, लैपटॉप व नगदी आदि सामान पर हाथ साफ कर दिया। इसके अलावा शैरपुर गांव में चोरों ने महेश प्रसाद के घर धावा बोलकर उनके परिवार की गैरमौजूदगी में करीब डेढ़ लाख के आभूशण समेत हजारों रूपये की नगदी व कीमती सामान लेकर रफूचक्कर हो गए।
थानाध्यक्ष निगोहा अखिलेश यादव ने बताया चोरों ने चार घरों में चोरी की घटनाओं को अंजाम दिया है पुलिस को घटना स्थल से कुछ अहम सुराग भी हाथ लगे है। पुलिस ने पीड़ितों की तहरीर पर मुकदमा पंजीकृत कर चोरों की तलाश शुरू कर दी है। बहरहाल एक ही रात में चार घरों को निशाना बना बेखौफ चोरों ने हाईटेक पुलिस की पोल खोलकर रख दी। अब देखना यह दिलचस्प होगा की कितनी जल्दी हाईटेक पुलिस के हाथ चोरों के गिरेबान तक पंहुचेंगे।