
Yogi
लखनऊ. यूपी के मंत्रिमंडल का विस्तार (UP Cabinet Expansion) बुधवार को तय है। वहीं कौन शामिल होगा, किसका पद छनेगा व किसका प्रमोशन होगा, इसको लेकर कयासों का बाजार गर्म है। वहीं बुधवार के शपथ ग्रहण समारोह से पहले मंगलवार को मंत्रियों के इस्तीफे का दौर शुरू हो गया। इनमें सबसे बड़ा नाम यूपी के वित्त मंत्री राजेश अग्रवाल (Rajesh Agarwal) का है जिन्होंने उम्र का हवाला देते हुए मंत्री पद से इस्तीफा दे दिया है। वहीं करीब आधा दर्जन और मंत्रियों के इस्तीफे की चर्चाएं जोरों पर रहीं। हालांकि इसका कारण स्पष्ट नहीं हैं, लेकिन सूत्रों की मानें तो इन मंत्रियों ने पद छीने जाने की संभावना के चलते यह कदम उठाया है। वहीं मंत्रिमंडल विस्तार को लेकर संघ और भाजपा में बैठक हुई है, जिसमें मंत्रिमंडल में कौन रहेगा व किसका पत्ता कटेगा, इस पर मुहर लगाई गई।
संघ और सरकार के बीच हुई बैठक-
कैबिनेट विस्तार में कुछ मंत्रियों को संगठन में और संगठन से कुछ को सरकार में भेजे जाने की संभावना है। मंगलवार को इसी संभावित सूची पर अंतिम निर्णय के लिए राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) और सरकार के बीच देवा रोड स्थित होटल आयुष्मान ग्रैंड में चर्चा हुई। संघ के सह सरकार्यवाह दत्तात्रेय होस बोले और शिवप्रकाश (Shivprakash) से सीएम योगी (CM Yogi) व प्रदेश महामंत्री संगठन सुनील बंसल (Sunil Bansal) में मुलाकात हुई। वहीं बीजेपी के प्रदेश अध्यक्ष स्वतन्त्र देव सिंह (Swatantra Dev Singh) के साथ क्षेत्रीय आरएसएस प्रचारक भी बैठक में मौजूद रहे।
इन मंत्रियों ने दिया इस्तीफा-
सूत्रों के अनुसार, बेसिक शिक्षा मंत्री अनुपमा जायसवाल, सहकारिता मंत्री मुकुट बिहारी वर्मा, महिला कल्याण रज्यमंत्री (स्वतंत्र मंत्री) स्वाति सिंह, खेल मंत्री चेतन चौहान ने भी अपना-अपना इस्तीफा दे दिया है। इनका इस्तीफा मंजूर हुआ है या नहीं, इस पर ऐलान होना बाकी है। इससे पूर्व मार्च 2017 में जब भाजपा की उत्तर प्रदेश में सरकार बनी थी तब मंत्रियों की संख्या केवल 47 थी। इसके बाद कोई भी फेरबदल नहीं हुआ था। वहीं 2019 लोकसभा चुनाव जीतने के बाद यूपी सरकार के चार मंत्रियों ने कैबिनेट से इस्तीफा दे दिया था, जबकि एक मंत्री को कैबिनेट से बर्खास्त (ओम प्रकाश राजभर) किया गया था। इस्तीफा देने वाले मंत्रियों में सत्यदेव पचौरी, डॉ. एसपी सिंह बघेल और डॉ. रीता बहुगुणा जोशी शामिल थे। साथ ही भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष बनने के बाद स्वतंत्र देव सिंह ने भी मंत्री पद छोड़ दिया था।
15 नए चेहरे होंगे मंत्रिमंडल में शामिल-
कैबिनेट विस्तार में 15 नए चेहरे शामिल होंगे। सूत्रों के अनुसार जिन नए चेहरों के इसमें शामिल किया जाएगा उनमें अशोक कटारिया (एमएलसी), विद्यासागर सोनकर (एमएलसी), उदयभान सिंह (विधायक, फतेहपुर सीकरी), कपिल देव अग्रवाल (विधायक, मुजफ्फरनगर), अनिल शर्मा (विधायक, बुलंदशहर), पंकज सिंह ( विधायक, गौतमबुद्धनगर), संजीव राजा (विधायक, अलीगढ़) नीलिमा कटियार (विधायक, कानपुर), दल बहादुर कोरी (रायबरेली), आशीष पटेल (अपना दल एस/अनुप्रिया पटेल के पति और एमएलसी) के नाम संभावित हैं।
कैबिनेट मंत्री के तौर पर प्रमोट हो सकते हैं यह राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार):
इसी के साथ ही कई राज्यमंत्रियों (स्वतंत्र प्रभार) का कद बढ़ सकता हैं व उन्हें कैबिनेट मंत्री के रूप में शपथ दिलाई जा सकती है। इनमें महेंद्र सिंह, सुरेश राणा, अनिल राजभर, उपेंद्र तिवारी पर मुहर लगाई जा सकती है। इनके अलावा एक उप मुख्यमंत्री भी कम हो सकता है। अब वह केशव प्रसाद मौर्य होंगे या दिनेश शर्मा यह देखने वाली बात होगी।
Published on:
20 Aug 2019 04:59 pm
बड़ी खबरें
View Allलखनऊ
उत्तर प्रदेश
ट्रेंडिंग
