
पत्रिका न्यूज नेटवर्क
लखनऊ. अगर आप बेरोजगार हैं और सरकारी नौकरी की तलाश में हैं तो योगी सरकार ने आपके लिए एक खुशखबर दी है। बेरोजगार अभ्यर्थियों के लिए उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती एवं प्रोन्नति बोर्ड ( UPPRPB या UPPBPB ) ने यूपी पुलिस में सब-इंस्पेक्टर (एसआई) की 9534 पदों के लिए अधिसूचना जारी कर दी है। कुल पदों में 3613 पद अनारक्षित हैं। 902 पद ईडब्ल्यूएस, 2437 पद ओबीसी, 1895 एससी, 180 एसटी वर्ग के लिए आरक्षित किए गए हैं। एसआई दारोगा के इन पदों के लिए आवेदन की प्रक्रिया 1 अप्रैल 2021 से शुरू होगी और 30 अप्रैल 2021 आवेदन की अन्तिम तिथि तय की गई है।
एसआई दारोगा के 9534 रिक्त पदों में नागरिक पुलिस में 9027, प्लाटून कमांडर पीएसी में 484 और अग्निशमन द्वितीय अधिकारी के 23 पद शामिल हैं। नागरिक पुलिस व प्लाटून कमांडर पीएसी में एसआई पद के लिए - किसी भी विषय में ग्रेजुएशन और अग्निशमन द्वितीय अधिकारी के लिए - साइंस साइड में ग्रेजुएट होना अनिवार्य है। वहीं इस भर्ती के लिए आयु सीमा - 21 से 28 वर्ष निर्धारित की गई है। यानी अभ्यर्थी का जन्म 1 जुलाई 1993 से पहले व 1 जुलाई 2000 के बाद न हुआ हो। उत्तर प्रदेश के एससी, एसटी, ओबीसी वर्ग को आयु सीमा में 5-5 वर्ष की छूट दी जाएगी।
इस भर्ती में कद-काठी संबंधी योग्यता के लिए सामान्य, ओबीसी व एससी वर्ग के लिए - कम से कम 168 सेमी ऊंचाई होना अनिवार्य है और एसटी वर्ग के लिए - 160 सेमी ऊंचाई होना आवश्यक है। इसके साथ ही सीना सामान्य, ओबीसी व एससी वर्ग के लिए - बिना फुलाए 79 सेमी और फुलाकर 84 सेमी, एसटी वर्ग के लिए - सीना बिना फुलाए 77 सेमी और फुलाकर 82 सेमी और कम से कम 5 सेमी सीने का फुलाव अनिवार्य है। वहीं महिलाओं के लिए सामान्य, ओबीसी व एससी वर्ग के लिए - कम से कम 152 सेमी, एसटी वर्ग के लिए - 147 सेमी ऊंचाई जरूरी है। सभी महिला अभ्यर्थियों के लिए कम से कम 40 किलोग्राम वजन होना जरूरी है।
प्राप्तांक के आधार पर बनेगी मेरिट लिस्ट
लिखित परीक्षा 400 अंकों की होगी जिसमें ऑब्जेक्टिव टाइप प्रश्न पूछे जाएंगे। दो घंटे की इस ऑनलाइन लिखित परीक्षा में चार अलग अलग विषयों का एक-एक प्रश्न पत्र होगा। लिखित परीक्षा में पास अभ्यर्थियों को शारीरिक दक्षता परीक्षा के लिए बुलाया जाएगा। शारीरिक दक्षता परीक्षा केवल क्वालिफाइंग होगी। ऐसे अभ्यर्थी जो शारीरिक दक्षता परीक्षा क्वालिफाई कर लेंगे, उन्हें लिखित परीक्षा में प्राप्तांक के आधार पर मेडिकल के लिए बुलाया जाएगा। लिखित परीक्षा में प्राप्तांक के आधार पर ही फाइनल मेरिट लिस्ट बनेगी।
400 रुपए लगेगी परीक्षा शुल्क
अगर आपका इस भर्ती में चयन हो जाता है तो आपको वेतनमान - 9300- 34800 व ग्रेड पे - 4200 रुपए प्रतिमाह के हिसाब से मिलेगा। इच्छुक उम्मीदवार uppbpb.gov.in पर जाकर ऑनलाइन आवेदन कर सकेंगे जिसके लिए जनरल, ओबीसी, एससी व एसटी अभ्यर्थियों को 400 रुपए परीक्षा शुल्क भी देनी होगी।
Updated on:
26 Feb 2021 02:13 pm
Published on:
26 Feb 2021 01:55 pm
बड़ी खबरें
View Allलखनऊ
उत्तर प्रदेश
ट्रेंडिंग
