5 अप्रैल 2026,

रविवार

Patrika Logo
Switch to English
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

सीएम योगी का तीखा हमला: ‘मिट्टी में मिले माफियाओं जैसा था सालार मसूद, सुहेलदेव ने उसे जहन्नुम भेजने की गारंटी दी थी’

CM Yogi Adityanath : मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने लखनऊ में कहा कि महाराजा सुहेलदेव ने आक्रांता सालार मसूद को माफियाओं की तरह मिट्टी में मिलाया था।

2 min read
Google source verification

सीएम योगी आदित्यनाथ ने सालार मसूद को बताया माफिया, PC- Patrika

लखनऊ : मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने रविवार को राजधानी लखनऊ में ऐतिहासिक और राजनीतिक संदर्भों को जोड़ते हुए एक बड़ा बयान दिया। भारतेंदु नाट्य अकादमी (BNA) के 50 वर्ष पूरे होने पर आयोजित स्वर्ण जयंती समारोह में सीएम ने विदेशी आक्रांता सालार मसूद (गाजी मियां) की तुलना आधुनिक दौर के माफियाओं से की।

मुख्यमंत्री ने महाराजा सुहेलदेव के शौर्य का बखान करते हुए कहा कि एक हजार साल पहले उन्होंने सोमनाथ मंदिर को नुकसान पहुंचाने वाले आक्रांता सालार मसूद को न केवल रोका, बल्कि उसे ऐसी निर्मम मौत दी कि दोबारा किसी ने भारत की ओर आंख उठाकर नहीं देखा। योगी ने कहा, 'महाराज सुहेलदेव ने मसूद को गर्म लोहे के तवे पर बांधकर जला दिया था। इस्लाम में ऐसी मौत जहन्नुम की गारंटी मानी जाती है। महाराज ने उसे जहन्नुम भेजने का पूरा इंतजाम किया था।'

विपक्ष पर लगाया इतिहास को भुलाने का आरोप

योगी आदित्यनाथ ने बिना नाम लिए पिछली सरकारों पर 'तुष्टिकरण' का आरोप लगाया। उन्होंने कहा जिस स्थान पर सुहेलदेव ने मसूद को मारा था, वहां सालों तक मसूद के नाम पर मेला लगता रहा और रक्षक सुहेलदेव को भुला दिया गया। एक समय था जब पेशेवर गुंडों और माफियाओं को 'नायक' बनाकर पेश किया जाता था। समाज के असली हीरो को किनारे कर दिया गया था। सीएम ने बताया कि अब समय बदल गया है। आज लोग सालार मसूद के मेले में झांकने भी नहीं जाते, बल्कि महाराजा सुहेलदेव के स्मारक पर गौरव के साथ मत्था टेकते हैं।

वीर और वीरांगनाओं पर बनाई जाएं लघु फिल्में

सिनेमा और कला के क्षेत्र पर बात करते हुए सीएम ने कहा कि दुनिया का सबसे लोकप्रिय सीरियल 'रामायण' है, क्योंकि भारतीय समाज अपनी जड़ों से जुड़ा है। उन्होंने नाट्य अकादमी को निर्देश दिया कि महाराजा सुहेलदेव, वीरांगना अवंतीबाई, उदादेवी और बिजली पासी जैसे नायकों पर लघु नाटक तैयार किए जाएं। नई पीढ़ी को यह बताया जाए कि हमारे असली आदर्श कौन हैं। भारत की संस्कृति को रौंदने वालों को कभी सम्मान नहीं मिलना चाहिए।

बहराइच में बन चुका है महाराजा सुहेलदेव स्मारक

बहराइच की चित्तौरा झील के किनारे अब महाराजा सुहेलदेव का भव्य स्मारक बन चुका है, जहां 40 फीट ऊंची कांस्य प्रतिमा स्थापित है। पीएम मोदी द्वारा शिलान्यास किए गए इस स्मारक ने सुहेलदेव के गौरव को जन-जन तक पहुंचाने का काम किया है।